PlayBreaking News

कांग्रेस नेता के घर में फायरिंग :माता-पिता को कमरे में किया बंद, बड़े बेटे की मौत; छोटे की हालत गंभीर; जांजगीर में लूट या प्लान्ड मर्डर?

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस नेता के घर देर रात नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर फायरिंग कर दी। जिसमें बड़े बेटे की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल है। रेत कारोबार से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है, पुलिस जांच में जुटी है।
Follow on Google News
माता-पिता को कमरे में किया बंद, बड़े बेटे की मौत; छोटे की हालत गंभीर; जांजगीर में लूट या प्लान्ड मर्डर?
छोटे बेटे आशुतोष के कंधे पर लगी गोली और बड़ा बेटा मृतक आयुष कश्यप

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र स्थित करही गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। तीन नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता और सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में उनके 19 वर्षीय बेटे आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल है।

बदमाशों ने कैसे दिया वारदात को अंजाम 

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। तीनों बदमाश नकाब पहनकर घर में घुसे। उन्होंने बेहद सुनियोजित तरीके से पहले घर के माता-पिता को एक कमरे में बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर किसी को मदद के लिए न बुला सके। इसके बाद वे सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां तीनों भाई-बहन सो रहे थे। बिना किसी चेतावनी के बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आयुष कश्यप को सिर और सीने में गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय आशुतोष कश्यप को भी गोली लगी, जो उसके हाथ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पहले आयुष फिर आशुतोष को बनाया निशाना

घटना के वक्त आयुष, उसका छोटा भाई आशुतोष और बहन प्रेरणा एक ही कमरे में सो रहे थे। अचानक हुई फायरिंग से घर में अफरा-तफरी मच गई। बहन प्रेरणा कश्यप इस पूरी घटना की प्रत्यक्षदर्शी है। प्रेरणा के मुताबिक, बदमाश सीधे कमरे में आए और पहले आयुष को निशाना बनाया। इसके बाद उन्होंने आशुतोष पर भी फायर किया। तीनों बदमाशों के चेहरे नकाब से ढंके हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो पाई।

Breaking News

बदमाश मोबाइल और नकदी लेकर फरार

हमले के बाद आरोपी घर से तीन मोबाइल फोन, एक आईफोन और 50-60 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से भाग निकले। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि घटना सिर्फ लूट नहीं, बल्कि किसी बड़ी साजिश का हिस्सा भी हो सकती है।

घटना के तुरंत बाद घायल आशुतोष को बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक व्यास कश्यप और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू अस्पताल पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

पहले भी हो चुकी थी रेकी

परिजनों ने बताया कि, करीब एक हफ्ते पहले भी तीन संदिग्ध युवक घर आए थे और आयुष कश्यप के बारे में पूछताछ कर रहे थे। उस समय यह बात सामान्य लगी, लेकिन अब घटना के बाद इसे वारदात से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि बदमाश पहले से पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने रेकी कर इस हमले को अंजाम दिया।

chhattisgarh crime news

रेत कारोबार बना विवाद की वजह?

मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप ने आरोप लगाया है कि, यह हत्या रेत के कारोबार को लेकर हुई है। उन्होंने बताया कि, उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी, जिसके बाद आयुष ही कारोबार संभाल रहा था। हाल ही में आयुष ने दो नई गाड़ियां (हाइवा और जेसीबी) खरीदी थीं और वह इस काम में तेजी से आगे बढ़ रहा था। पिता का कहना है कि, इसी वजह से कुछ लोगों से दुश्मनी बढ़ गई थी, जो इस वारदात का कारण बन सकती है।

CCTV खंगाल रही पुलिस 

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप समेत पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और कॉल डिटेल्स के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts