जापान में आनंद कुमार का गर्मजोशी से स्वागत, सरकार के सलाहकार युजी निशिकावा से हुई खास मुलाकात

प्रसिद्ध गणितज्ञ और ‘सुपर 30’ के संस्थापक आनंद कुमार इन दिनों जापान के दौरे पर हैं। पद्मश्री से सम्मानित आनंद कुमार शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुभव और पहलों के जरिए युवाओं को बेहतर अवसर देने की दिशा में काम कर रहे हैं। अब वह अपने इस प्रयास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटे हैं।
जापान पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जापान सरकार के साकुरा साइंस प्रोग्राम के सलाहकार युजी निशिकावा ने उनसे मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस मुलाकात को भारत और जापान के बीच शिक्षा, ज्ञान के आदान-प्रदान और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
आनंद कुमार ने साझा किया जापान पहुंचने का अनुभव
आनंद कुमार ने अपनी जापान यात्रा की शुरुआत का अनुभव साझा करते हुए लिखा- जैसे ही मैं जापान पहुंचा, जापान सरकार के साकुरा साइंस प्रोग्राम के सलाहकार श्री युजी निशिकावा ने मेरा बहुत ही गर्मजोशी और प्यार से स्वागत किया। यह मेरे लिए बेहद खास अनुभव था। उनके साथ जापान में एक खूबसूरत और यादगार सफर की शुरुआत हुई।
शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की उम्मीद
इस मुलाकात से भारत और जापान के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं को लेकर उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे संवादों के जरिए दोनों देशों के शिक्षक, संस्थान और विद्यार्थी एक-दूसरे के अनुभवों और ज्ञान से जुड़ सकते हैं।
सुपर 30 और सुपर इनफिनिटी के जरिए शिक्षा को बढ़ावा
आनंद कुमार ‘सुपर 30’ और ‘सुपर इनफिनिटी’ जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को आगे लाने के प्रयास करते रहे हैं। उनकी जापान यात्रा के जरिए शिक्षा, विज्ञान और मार्गदर्शन के क्षेत्र में भारत-जापान के संबंधों को और मजबूत करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।




















