जैकलीन के केस से जज ने बनाई दूरी :200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग मामले की सुनवाई अब नई बेंच करेगी

एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से तत्काल राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्र ने इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। अब यह मामला 25 जून को किसी दूसरी बेंच के सामने सूचीबद्ध किया जाएगा। जिसके बाद आगे की सुनवाई जारी होगी।
जज ने सुनवाई से खुद को क्यों अलग किया?
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस अतुल एस. चंद्रशेखर की बेंच के सामने मामले की सुनवाई शुरू हुई थी। सुनवाई के दौरान जस्टिस मिश्रा ने बताया कि इस केस से जुड़े एक संबंधित मामले में उनके बेटे सरकार की ओर से पेश हो चुके हैं। हितों के टकराव (Conflict of Interest) की संभावना से बचने के लिए उन्होंने खुद को मामले की सुनवाई से अलग कर लिया। इसके साथ ही निर्देश दिया गया कि अगली सुनवाई ऐसी बेंच के सामने हो, जिसमें वर्तमान बेंच के दोनों में से कोई एक सदस्य शामिल न हो।
जैकलीन ने किस आदेश को दी है चुनौती?
जैकलीन फर्नांडिस ने दिल्ली की एक अदालत के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उनके खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई थी। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 30 मई को जैकलीन, सुकेश चंद्रशेखर और 15 अन्य आरोपियों के खिलाफ 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने का आदेश दिया था। 3 जून को कोर्ट में पेश हुई जैकलीन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह गलत बताया था।
यह भी पढ़ें: 'ये सिर्फ ट्रेलर है...' सिंगर गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
क्या है 200 करोड़ रुपये का मनी लॉन्ड्रिंग मामला?
यह मामला कथित ठग सुरेश चंद्रशेखर से जुड़ा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक सुकेश ने दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहते हुए फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की कथित उगाही की थी। आरोप है कि उसने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर और कई तरह के झांसे देकर यह रकम हासिल की।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) का दावा है कि इसी कथित उगाही की रकम का इस्तेमाल बाद में कई लोगों को महंगे उपहार देने और धन को खपाने के लिए किया गया।
अब जानें सुकेश चंद्रशेखर के बारें में
सुकेश चंद्रशेखर देश के चर्चित हाई-प्रोफाइल ठगों में गिना जाता है। उस पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी, जबरन वसूली और वित्तीय अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार वह जेल में रहते हुए भी फर्जी पहचान और प्रभावशाली संपर्कों का दावा कर लोगों को ठगता रहा। पिछले कुछ वर्षों में उसका नाम कई बड़े आर्थिक अपराध मामलों में सामने आया है।
यह भी पढ़ें: Alpha Teaser Out : 'अल्फा' का दमदार टीजर रिलीज, एक्शन अवतार में छाईं आलिया भट्ट; ऋतिक रोशन के कैमियो से खास बनी फिल्म
ED ने जैकलीन पर क्या आरोप लगाए हैं?
प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में जैकलीन फर्नांडिस को आरोपी बनाया है। ED का आरोप है कि अभिनेत्री को सुकेश के आपराधिक रिकॉर्ड और कथित अवैध धन के स्रोत की जानकारी थी, फिर भी उन्होंने उससे करोड़ों रुपये के उपहार स्वीकार किए। एजेंसी के अनुसार इन उपहारों में लग्जरी कारें, महंगे डिजाइनर बैग, ज्वेलरी, ब्रांडेड कपड़े और कई विदेशी नस्ल के पालतू जानवर शामिल थे।











