Walter Koenig Death: 'स्टार ट्रेक' के मशहूर चेकोव का निधन, 90 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अमेरिकी अभिनेता वाल्टर कोएनिग का 90 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह साइंस फिक्शन सीरीज 'स्टार ट्रेक' में पावेल आंद्रेईविच चेकोव का किरदार निभाने के लिए दुनियाभर में मशहूर थे। उनके प्रतिनिधि ने निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि अभिनेता ने 25 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका निधन प्राकृतिक कारणों से हुआ।
'स्टार ट्रेक' में चेकोव बनकर मिली दुनियाभर में पहचान
वाल्टर कोएनिग ने जीन रॉडेनबेरी की मशहूर साइंस फिक्शन सीरीज 'स्टार ट्रेक' के दूसरे सीजन में एंट्री की थी। उन्होंने साल 1967 से 1969 के बीच इस सीरीज के 36 एपिसोड में रूसी नेविगेटर पावेल चेकोव का किरदार निभाया। उनका किरदार जल्द ही दर्शकों और फैंस के बीच लोकप्रिय हो गया। इसके बाद उन्होंने 1979 से 1991 के बीच रिलीज हुई 'स्टार ट्रेक' की पहली सात फिल्मों में भी चेकोव की भूमिका निभाई। इस किरदार ने उन्हें साइंस फिक्शन की दुनिया में एक खास पहचान दिलाई।

'स्टार ट्रेक' को पहले नकली समझते थे अभिनेता
दिलचस्प बात यह है कि वाल्टर कोएनिग ने एक इंटरव्यू में बताया था कि 'स्टार ट्रेक' में काम करने से पहले उन्होंने यह सीरीज कभी नहीं देखी थी। उन्होंने 2013 में टीवी अकादमी फाउंडेशन को दिए इंटरव्यू में बताया था कि एक बार टीवी पर इस शो को देखते हुए उन्हें इसमें इस्तेमाल की गई नकली चट्टानें (स्टायरोफोम रॉक्स) देखकर हंसी आई थी। शुरुआत में उन्हें यह शो काफी नकली लगा था, लेकिन बाद में इसी सीरीज ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई।
अभिनय के अलावा लेखन और निर्देशन में भी आजमाया हाथ
वाल्टर कोएनिग का करियर सिर्फ 'स्टार ट्रेक' तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने कई टीवी शोज में भी काम किया। इनमें 'मिस्टर नोवाक' और जीन रॉडेनबेरी की सीरीज 'द लेफ्टिनेंट' शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने लेखन और निर्देशन के क्षेत्र में भी काम किया। वह साइंस फिक्शन सीरीज 'बैबिलॉन 5' में अल्फ्रेड बेस्टर के किरदार में भी नजर आए थे। 'स्टार ट्रेक II: द रैथ ऑफ खान' (1982) और 'स्टार ट्रेक IV: द वॉयज होम' (1986) में उनके अभिनय को भी सराहा गया था।

परिवार में पत्नी और बेटे को पहले ही खो चुके थे
वाल्टर कोएनिग की निजी जिंदगी भी कई मुश्किलों से गुजरी। उन्होंने साल 1965 में अभिनेत्री जूडी लेविट से शादी की थी। दोनों करीब 57 साल तक साथ रहे। दिसंबर 2022 में उनकी पत्नी का निधन हो गया था। उनके बेटे एंड्रयू कोएनिग भी अभिनेता थे और टीवी शो 'ग्रोइंग पेन्स' में अपने किरदार के लिए पहचाने जाते थे। साल 2010 में 41 साल की उम्र में एंड्रयू ने आत्महत्या कर ली थी। वाल्टर कोएनिग के निधन से हॉलीवुड और 'स्टार ट्रेक' के प्रशंसकों में शोक है। उनका निभाया चेकोव का किरदार लंबे समय तक दर्शकों की यादों में बना रहेगा।




















