PlayBreaking News

'ये सिर्फ ट्रेलर है...'सिंगर गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

दिल्ली के पश्चिम विहार में 24 फिटनेस जिम के बाहर अज्ञात बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल ऑडियो की जांच में जुटी है।
Follow on Google News
सिंगर गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
सिंगर गुरु रंधावा (फाइल फोटो)

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। पश्चिम विहार इलाके में स्थित एक जिम के बाहर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सुबह-सुबह हुई इस वारदात के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पोस्ट और कथित ऑडियो क्लिप ने मामले को और सनसनीखेज बना दिया। वायरल दावों में इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा लेने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि, वायरल पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

सुबह 5 बजे के आसपास हुई फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे दो बाइक सवार हमलावर पश्चिम विहार स्थित 24 फिटनेस जिम के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने चेहरा कपड़े से ढक रखा था। जिम के सामने पहुंचते ही उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रारंभिक जानकारी, में 5 से 7 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। गोलियां लगने से जिम के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि, घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 की सुबह थाना पश्चिम विहार ईस्ट क्षेत्र में स्थित 24 आवर्स फिटनेस जिम में फायरिंग की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि, दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने जिम के शीशों पर गोलियां चलाईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिला पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

Featured News

क्या गुरु रंधावा का है यह जिम?

घटना के बाद कई मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि, जिस जिम को निशाना बनाया गया वह पंजाबी गायक गुरु रंधावा का है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में जिम का स्वामित्व दिल्ली के टैगोर गार्डन निवासी एक व्यक्ति से जुड़ा पाया गया है। गुरु रंधावा से सीधे संबंध की बात अभी तक आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि आखिर जिम को निशाना क्यों बनाया गया।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से वायरल पोस्ट

फायरिंग के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी। पोस्ट में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। वायरल संदेश में कहा गया कि, यह हमला पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा को चेतावनी देने के लिए किया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि, सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी दावे को अभी सत्य नहीं माना जा सकता और इसकी तकनीकी जांच जारी है।

वायरल ऑडियो में क्या दावा किया गया?

सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रही है। इस कथित ऑडियो में खुद को गैंग से जुड़ा बताने वाला एक व्यक्ति यह कहता सुनाई देता है कि, गुरु रंधावा की अभिनेता सलमान खान से नजदीकियां बढ़ रही थीं और इसी वजह से जिम को निशाना बनाया गया। ऑडियो में कथित तौर पर यह भी कहा गया है कि यह सिर्फ ट्रेलर है और आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि इस ऑडियो की सत्यता की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस साइबर और तकनीकी माध्यमों से इसकी जांच कर रही है।

Breaking News

जांच के लिए कई टीमें गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।

जांच के प्रमुख बिंदु-

  • हमलावर कौन थे?
  • फायरिंग का मकसद क्या था?
  • क्या घटना के पीछे वास्तव में किसी गैंग का हाथ है?
  • वायरल पोस्ट और ऑडियो असली हैं या फर्जी?
  • जिम को निशाना बनाने की वजह क्या थी?

इन सभी सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

फायरिंग की घटना के बाद पश्चिम विहार और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-सुबह हुई गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया था।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts