Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘इकबाल’ के 20 साल बाद फिर साथ आए सुभाष घई-श्रेयस तलपड़े, पूरी हुई फिल्म ‘मान्या’

सुभाष घई की अगली फिल्म ‘मान्या’ की शूटिंग पूरी हो गई है। मुक्ता आर्ट्स की 48वीं वर्षगांठ पर फिल्म का नया लुक पोस्टर जारी किया गया। करीब 20 साल बाद श्रेयस तलपड़े और सुभाष घई फिर साथ आए हैं। जानिए फिल्म की कहानी, स्टारकास्ट और सुभाष घई के आगामी प्रोजेक्ट्स से जुड़ी पूरी जानकारी।
‘इकबाल’ के 20 साल बाद फिर साथ आए सुभाष घई-श्रेयस तलपड़े, पूरी हुई फिल्म ‘मान्या’

भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर सुभाष घई अपनी अगली फिल्म ‘मान्या’ के साथ दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार हैं। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए अभिनेता श्रेयस तलपड़े करीब दो दशक बाद मुक्ता आर्ट्स के साथ काम कर रहे हैं। मुक्ता आर्ट्स की 48वीं वर्षगांठ के मौके पर फिल्म का नया लुक पोस्टर भी जारी किया गया है।

किशोर लड़के की कहानी है ‘मान्या’

‘मान्या’ की कहानी एक किशोर लड़के के जीवन पर आधारित है। फिल्म अपराध की दुनिया से आगे बढ़कर उसके पीछे छिपी मानवीय परिस्थितियों और भावनाओं को सामने लाने की कोशिश करेगी। फिल्म का निर्देशन समीर जोशी ने किया है। मुक्ता आर्ट्स, पुनीत अग्रवाल और राहुल पुरी ने स्लो बर्न एंटरटेनमेंट के सहयोग से फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म में श्रेयस तलपड़े के साथ संवेदना सुवालका, दिव्या शर्मा, प्रियदर्शिनी पूजा और जोहेब फारूकी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‘इकबाल’ के बाद श्रेयस के साथ सुभाष घई की वापसी

सुभाष घई और श्रेयस तलपड़े इससे पहले फिल्म ‘इकबाल’ में साथ काम कर चुके हैं। करीब 20 साल बाद दोनों की यह जोड़ी ‘मान्या’ के लिए फिर एक साथ आई है। सुभाष घई ने कहा कि श्रेयस के साथ दोबारा काम करना शानदार अनुभव रहा। इससे उन्हें अभिनेता की प्रतिभा और अभिनय के अलग-अलग पहलुओं को करीब से देखने का मौका मिला। उन्होंने फिल्म की पूरी कास्ट की भी तारीफ की और कहा कि कलाकारों ने अपनी परफॉर्मेंस से कहानी को गहराई दी है।

Entertainment

मुक्ता आर्ट्स के 48 साल पूरे

मुक्ता आर्ट्स ने 24 अक्टूबर को अपनी 48वीं वर्षगांठ मनाई। कंपनी अब एनिमेटेड फिल्मों, फीचर फिल्मों, ओटीटी सीरीज और डॉक्यूमेंट्री के क्षेत्र में भी विस्तार कर रही है। कंपनी के कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है, जिनकी जानकारी आने वाले समय में दी जाएगी। सुभाष घई इस साल भारतीय सिनेमा में अपने 50 साल पूरे करने की ओर बढ़ रहे हैं। इस दौरान वह संजय दत्त के साथ ‘खलनायक रिटर्न्स’ और अनिल कपूर के साथ एक कोर्टरूम ड्रामा पर भी काम कर रहे हैं।

सुभाष घई बोले- दर्शकों को दिखाने के लिए उत्साहित हूं ‘मान्या’ का सफर

सुभाष घई ने कहा कि ‘मान्या’ मुक्ता आर्ट्स की यात्रा में एक नई और खास शुरुआत है। उनके मुताबिक, कंपनी आगे भी ऐसी कहानियां लेकर आएगी, जो दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ जीवन से जुड़े अहम पहलुओं को सामने रखें। उन्होंने कहा कि वह दर्शकों को अपनी नजरों से ‘मान्या’ का सफर दिखाने के लिए उत्साहित हैं। फिल्म की रिलीज डेट को लेकर फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts