Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लगेज चेकिंग में बैग से निकला मगरमच्छ का सिर, देखकर एयरपोर्ट स्टाफ के उड़े होश

इटली के ट्यूरिन एयरपोर्ट पर लगेज चेकिंग के दौरान पैसेंजर के बैग से मगरमच्छ का सूखा हुआ सिर मिला। कपड़ों के बीच छिपाकर ले जा रहा था यात्री।
लगेज चेकिंग में बैग से निकला मगरमच्छ का सिर, देखकर एयरपोर्ट स्टाफ के उड़े होश

एयरपोर्ट पर लगेज चेकिंग के दौरान आमतौर पर कपड़े, जूते या दूसरी रोजमर्रा की चीजें मिलती हैं। लेकिन इटली के ट्यूरिन एयरपोर्ट पर एक यात्री के बैग की जांच के दौरान ऐसा सामान मिला, जिसे देखकर सुरक्षाकर्मी भी हैरान रह गए। बैग के अंदर कपड़ों के बीच कागज में लपेटकर मगरमच्छ का सूखा हुआ सिर रखा गया था। जांच के बाद पुलिस और कस्टम अधिकारियों ने इसे जब्त कर लिया।

मियामी से इटली पहुंचा था यात्री

एक रिपोर्ट के मुताबिक, मामला इटली के ट्यूरिन शहर के सांड्रो पर्टिनी एयरपोर्ट का है। रिपोर्ट के अनुसार, यात्री अमेरिका के मियामी से सफर करके इटली पहुंचा था और रास्ते में इस्तांबुल भी गया था। ट्यूरिन एयरपोर्ट पर लगेज की जांच के दौरान अधिकारियों की नजर यात्री के बैग पर पड़ी। जब बैग खोला गया तो कपड़ों के बीच कागज में लिपटा मगरमच्छ का सूखा हुआ सिर मिला। बताया गया कि यात्री इसे सामान्य सामान की तरह अपने साथ लेकर यात्रा कर रहा था।

जरूरी दस्तावेज नहीं होने का आरोप

मगरमच्छ का सिर मिलने के बाद मामला सिर्फ सामान जब्त करने तक सीमित नहीं रहा। यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। ट्यूरिन के सिक्योरिटी पर्सनल के मुताबिक, यात्री पर बिना जरूरी सर्टिफिकेट या लाइसेंस के संरक्षित प्रजाति के एक नमूने को इटली में लाने का आरोप लगाया गया है। यानी इस मामले में मुख्य सवाल सिर्फ यह नहीं है कि यात्री बैग में मगरमच्छ का सिर क्यों लेकर घूम रहा था, बल्कि वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नियमों का भी है। ऐसे जीवों के शरीर के हिस्सों को एक देश से दूसरे देश ले जाने के लिए कई मामलों में विशेष अनुमति और दस्तावेज जरूरी होते हैं।

Breaking News

लाखों रुपए का जुर्माना, जेल की भी संभावना

रिपोर्ट के मुताबिक, अगर यात्री इस मामले में दोषी पाया जाता है तो उस पर 23,200 डॉलर से लेकर 2,32,000 डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा उसे 6 महीने से एक साल तक की जेल भी हो सकती है।

विदेशी यात्रियों के सामान पर बढ़ाई जा रही निगरानी

ट्यूरिन के सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, गर्मियों के महीनों में विदेशों से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। इनमें कई लोग ऐसी जगहों की यात्रा करते हैं, जहां दुर्लभ और विदेशी वन्यजीव पाए जाते हैं। इसी को देखते हुए एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों के साथ मिलकर सामान की जांच बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों की निगरानी सिर्फ नशीले पदार्थों या सामान्य तस्करी वाले सामान तक सीमित नहीं है, बल्कि वन्यजीवों और उनके अंगों की अवैध तस्करी पर भी नजर रखी जा रही है।

AI की चमक के पीछे छिपा साइबर खतरा! पुलिस की चेतावनी, बच्चों की गेमिंग पर भी रखें नजर

सोशल मीडिया पर भी आईं प्रतिक्रियाएं

मगरमच्छ का सिर बैग से मिलने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने प्रतिक्रिया दी। कुछ यूजर्स ने इसे वन्यजीवों के प्रति इंसानी लालच का उदाहरण बताया और ऐसी चीजों को सामान की तरह ले जाने पर सवाल उठाए। वहीं, कुछ लोगों ने इस कार्रवाई पर तंज भी कसा। फिलहाल यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एयरपोर्ट पर लगेज की सामान्य जांच के दौरान सामने आया यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कपड़ों के बीच छिपाकर रखा मगरमच्छ का सिर देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts