अमेरिका में परिवार के 8 लोगों की हत्या, डिनर के दौरान आरोपी ने की फायरिंग; घर में लगाई आग

अमेरिका के मोंटाना राज्य के बिलिंग्स शहर में रविवार शाम एक ही परिवार के 8 लोगों की हत्या कर दी गई। घटना के समय परिवार के लोग घर में साथ बैठकर डिनर कर रहे थे। आरोप है कि संदिग्ध ने सभी को गोली मारने के बाद घर में आग लगा दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। मारे गए लोगों में एक ही परिवार की चार पीढ़ियों के सदस्य शामिल थे। इनमें 4 बच्चे भी थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घर से आ रही थी गोलियों की आवाज
पुलिस को रविवार शाम करीब 6 बजे घर में गोली चलने की सूचना मिली थी। इमरजेंसी टीमें करीब 6:10 बजे मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घर के बाहर एक घायल व्यक्ति को देखा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस इसी व्यक्ति को घटना का संदिग्ध मान रही है। मौके पर पहुंचने के दौरान घर के अंदर से लगातार गोलियों की आवाज आ रही थी। इसी बीच घर में आग भी तेजी से फैल रही थी। आग की वजह से दमकलकर्मी तुरंत अंदर नहीं जा सके।
911 पर बच्चे के बेहोश होने की सूचना
घटना के दौरान 911 पर कॉल कर घर में फायरिंग और एक बच्चे के बेहोश होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर भेजी गईं। डिस्पैचर ने पूछा कि क्या बच्चे को गोली लगी है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी। सिर्फ इतना पता था कि बच्चा बेहोश है और यह भी स्पष्ट नहीं था कि वह सांस ले रहा है या नहीं।
आग से जांच में भी आ रही परेशानी
फायर चीफ मैट हॉपेल के मुताबिक, आग बहुत तेजी से फैली और घर का बड़ा हिस्सा जल गया। आग बुझाने के लिए इस्तेमाल किया गया पानी और जला हुआ मलबा जांच में परेशानी पैदा कर रहा है। इसके कारण पुलिस को घटनास्थल से सबूत जुटाने में समय लग रहा है।
पड़ोसी ने सुनीं पटाखों जैसी आवाजें
घर से करीब तीन मकान दूर रहने वाले डेविड हिलर ने बताया कि रविवार शाम 6 बजे के बाद उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद एक पड़ोसी ने फोन करके इलाके में गोलीबारी की जानकारी दी। हिलर ने बाहर निकलकर देखा तो पुलिसकर्मी हथियारों के साथ गाड़ियों की आड़ में खड़े थे। घर से काला धुआं भी निकल रहा था।
हत्या की वजह का पता नहीं चला
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध मृतकों को जानता था। हालांकि, उसने परिवार की हत्या क्यों की, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। घर में आग कैसे लगी, इसकी भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने तक मामले से जुड़ी कुछ जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जाएंगी।
अमेरिका में हाल की गोलीबारी की घटनाएं
22 अगस्त: ओरेगन के फॉरेस्ट ग्रोव में एक घर में 5 लोगों की हत्या हुई थी। मृतकों में आरोपी की पार्टनर, उसकी मां और दादी समेत पांच लोग शामिल थे। संदिग्ध बाद में वॉशिंगटन में मृत मिला।
14 अगस्त: मिशिगन के मिसॉकी काउंटी में गोलीबारी में 6 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में संदिग्ध शूटर भी शामिल था। घटना में 13 साल की एक बच्ची घायल हुई थी।
15 अगस्त: वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी के कैंपस के पास हुई गोलीबारी में 5 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने 19 वर्षीय संदिग्ध को गिरफ्तार किया था।





















