‘हीरो पायलट’ कैप्टन माछर की बहादुरी को अमेरिकी अधिकारी ने सराहा

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में संकट के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर ने बहादुरी दिखाई। अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने उनकी और यात्रियों की तारीफ की। रिपोर्ट के मुताबिक, सह-पायलट ने कॉकपिट में हमला किया था। PM मोदी और UAE के क्राउन प्रिंस भी कैप्टन माछर के साहस की सराहना कर चुके हैं।
‘हीरो पायलट’ कैप्टन माछर की बहादुरी को अमेरिकी अधिकारी ने सराहा
अमेरिकी अधिकारी ने सराही 'हीरो पायलट' कैप्टन माछर की अद्भुत बहादुरी।

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में संकट के दौरान बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर की हर तरफ तारीफ हो रही है। अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने कैप्टन माछर और विमान में सवार यात्रियों के साहस को सलाम किया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने मिलकर ऐसी घटना को होने से रोका, जो दुनिया की सबसे भयावह आतंकी घटनाओं में शामिल हो सकती थी।

कॉकपिट में सह-पायलट ने किया हमला

30 सितंबर को तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बड़ा संकट पैदा हो गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ओमानी नागरिक और सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित माछर पर चाकू से हमला किया। उस समय विमान में करीब 180 लोग सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में इजरायली यात्री थे। कॉकपिट से शोर सुनकर कुछ यात्रियों ने समय रहते स्थिति को समझा और हस्तक्षेप किया। यात्रियों ने कैप्टन माछर की मदद की और सह-पायलट को काबू करने में अहम भूमिका निभाई।

अमेरिकी अधिकारी ने की बहादुरी की तारीफ

अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने X पर पोस्ट कर कैप्टन स्मित माछर, यानिव हुयान और विमान में मौजूद यात्रियों के साहस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने मिलकर एक ऐसी घटना को टाल दिया, जो बेहद भयावह साबित हो सकती थी। लैंडौ ने कहा कि भारत और इजरायल को इन बहादुर लोगों पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज तकनीक और मशीनें हमारी जिंदगी को आसान बना रही हैं, लेकिन मुश्किल समय में आम लोगों की दिखाई गई बहादुरी सबसे ज्यादा प्रेरणा देती है।

UAE के क्राउन प्रिंस ने भी की मुलाकात

कैप्टन माछर की बहादुरी की UAE में भी तारीफ हुई है। शनिवार को दुबई के क्राउन प्रिंस और UAE के उप प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अस्पताल में कैप्टन माछर से मुलाकात की। उन्होंने भारतीय पायलट के साहस और जिम्मेदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन माछर ने असाधारण साहस दिखाया और UAE नेतृत्व को उन पर गर्व है।

अस्पताल में चल रहा इलाज

कैप्टन माछर के परिवार ने भी उनके लिए मिल रहे समर्थन पर आभार जताया है। परिवार के मुताबिक, माछर का सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।

PM मोदी ने भी की कैप्टन माछर से बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन माछर की बहादुरी की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि माछर ने सह-पायलट की विमान को क्रैश कराने की कोशिश को नाकाम करने में अहम भूमिका निभाई और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कैप्टन माछर से वीडियो कॉल पर बात भी की। बातचीत के दौरान माछर ने विमान में पैदा हुए संकट के बारे में बताया।

उन्होंने बताया कि गंभीर चोट लगने के बाद जब वह गिर गए थे, तब भी उन्हें महसूस हो रहा था कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। अपने वर्षों के उड़ान अनुभव के आधार पर उन्हें अंदाजा हो गया था कि विमान खतरनाक स्थिति में पहुंच रहा है। माछर ने बताया कि उस समय भी उन पर हमला हो रहा था, लेकिन उन्होंने किसी तरह आगे बढ़कर कॉकपिट का दरवाजा खोला। उनका कहना था कि वह अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें यह भी पता था कि विमान में सवार बाकी लोगों की जान बचाना जरूरी है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts