सावधान!Instagram पर अब Private नहीं रहेंगी आपकी बातें, बंद होगा ये फीचर

सोशल मीडिया की दुनिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। Meta ने फैसला लिया है कि अब इंस्टाग्राम पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड (E2EE) चैट्स का सपोर्ट खत्म किया जाएगा। यानी अगर आप इंस्टाग्राम पर सीक्रेट चैट या ज्यादा सुरक्षित बातचीत के लिए इस फीचर का इस्तेमाल करते थे, तो अब यह सुविधा बंद हो जाएगी।
कंपनी के मुताबिक, यह बदलाव 8 मई 2026 से लागू होगा। इसके बाद इंस्टाग्राम पर एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग फीचर काम नहीं करेगा। ऐसे में जिन लोगों को प्राइवेट और हाई सिक्योरिटी वाली चैटिंग की जरूरत है, उन्हें अब WhatsApp का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
आखिर क्या होता है End-to-End Encryption?
आसान भाषा में समझें तो एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन एक ऐसा सुरक्षा कवच है, जो आपकी बातचीत को पूरी तरह सुरक्षित रखता है। इसमें मैसेज सिर्फ भेजने वाला और पाने वाला ही पढ़ सकता है। बीच में कोई तीसरा व्यक्ति, हैकर या यहां तक कि कंपनी भी उस चैट को नहीं देख सकती।
मतलब अगर आपने किसी को मैसेज भेजा है, तो वह रास्ते में भी सुरक्षित रहता है। इसे ऐसे समझिए जैसे आपकी बातचीत एक डिजिटल ताले में बंद हो।
Instagram पर क्यों हटाया जा रहा है फीचर?
Meta का कहना है कि इंस्टाग्राम पर बहुत कम लोग इस फीचर का इस्तेमाल कर रहे थे। कंपनी के मुताबिक, ज्यादातर यूजर्स सामान्य DM यानी डायरेक्ट मैसेज का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए कंपनी अब उन फीचर्स पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है, जिन्हें लोग सबसे ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। Meta ने साफ कहा कि जिन लोगों को ज्यादा सिक्योरिटी और प्राइवेट चैटिंग चाहिए, वे WhatsApp का इस्तेमाल कर सकते हैं। क्योंकि WhatsApp में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पहले से डिफॉल्ट रूप में मौजूद है।

आपके पुराने मैसेज का क्या होगा?
अगर आपने इंस्टाग्राम पर एन्क्रिप्टेड चैट्स की हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। Meta ने कहा है कि यूजर्स अपने पुराने मैसेज, फोटो और वीडियो डाउनलोड कर सकेंगे। कंपनी प्रभावित यूजर्स को गाइड करेगी कि वे अपनी चैट हिस्ट्री और मीडिया फाइल्स कैसे सेव करें। हालांकि इसके लिए आपका इंस्टाग्राम ऐप अपडेटेड होना जरूरी होगा।
अगर आप पुराना वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपको लेटेस्ट अपडेट इंस्टॉल करना होगा। तभी आप अपनी पुरानी एन्क्रिप्टेड चैट्स एक्सपोर्ट कर पाएंगे। फिलहाल कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि यूजर्स को चैट बैकअप का नोटिफिकेशन अभी मिलेगा या मई 2026 के करीब।
क्या Instagram पूरी तरह सुरक्षित नहीं रहेगा?
ऐसा बिल्कुल नहीं है कि इंस्टाग्राम अचानक असुरक्षित हो जाएगा। सामान्य चैटिंग पहले की तरह चलती रहेगी। लेकिन अब आपकी बातचीत पहले जैसी सीक्रेट नहीं रहेगी। इसलिए एक्सपर्ट्स सलाह दे रहे हैं कि 8 मई के बाद इंस्टाग्राम पर कोई भी बेहद निजी जानकारी शेयर करने से बचें। जैसे- पासवर्ड, बैंक डिटेल, OTP, निजी दस्तावेज, पर्सनल फोटो और ऑफिस की गोपनीय जानकारी अगर जरूरी हो तो कोड वर्ड्स में बात करें या ज्यादा सुरक्षित प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम का नया फीचर: अब 15 मिनट में एडिट कर सकेंगे अपना कमेंट
जरूरी फोटो और डॉक्यूमेंट कैसे भेजें?
अगर आपको इंस्टाग्राम पर कोई जरूरी फोटो या दस्तावेज भेजना है, तो View Once फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस फीचर में सामने वाला व्यक्ति फोटो या वीडियो सिर्फ एक बार देख पाता है। हालांकि यह पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जाता, लेकिन सामान्य मैसेज से बेहतर जरूर है।
Vanish Mode क्या है और काम कैसे करता?
Instagram में एक और फीचर मिलता है, जिसका नाम है Vanish Mode। इसमें मैसेज पढ़ने के बाद और चैट विंडो बंद होते ही मैसेज अपने आप गायब हो जाते हैं। इसका फायदा यह है कि अगर आपका फोन चोरी हो जाए या कोई और फोन देखे, तो पुरानी चैट्स दिखाई नहीं देंगी। हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि मैसेज सर्वर पर मौजूद रह सकते हैं। इसलिए इसे पूरी तरह सुरक्षित सिस्टम नहीं माना जाता।
Meta और Encryption का पुराना इतिहास
Meta और एन्क्रिप्शन का रिश्ता हमेशा बदलता रहा है। इसकी शुरुआत 2016 में हुई थी, जब कंपनी ने WhatsApp पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन शुरू किया। इसके बाद 2019 में Meta ने कहा था कि वह Instagram, Messenger और बाकी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को भी पूरी तरह एन्क्रिप्टेड बनाएगी, लेकिन 2021 आते-आते कंपनी ने अपने प्लान में बदलाव किया और कहा कि इस तकनीक को लागू करने में ज्यादा समय लगेगा। इसके बाद इस प्रोजेक्ट को 2023 तक टाल दिया गया।
अब 2026 में Instagram से यह फीचर हटाया जाना साफ दिखाता है कि कंपनी अपनी रणनीति बदल चुकी है। Meta अब उन्हीं फीचर्स पर फोकस कर रही है, जिन्हें सबसे ज्यादा लोग इस्तेमाल करते हैं।
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम का नया फीचर: अब 15 मिनट में एडिट कर सकेंगे अपना कमेंट
क्या सभी यूजर्स को मिला था Encryption फीचर?
नहीं। Instagram पर end-to-end encryption सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं था। यह कुछ चुनिंदा देशों और क्षेत्रों में Opt-In फीचर के रूप में दिया गया था। यानी यूजर चाहे तो इसे ऑन कर सकता था, और चाहे तो सामान्य चैटिंग करता रह सकता था। इसी वजह से बहुत कम लोगों ने इसका इस्तेमाल किया और अब कंपनी इसे बंद कर रही है।
यूजर्स को अब क्या करना चाहिए?
अगर आप इंस्टाग्राम पर ज्यादा निजी बातचीत करते हैं, तो कुछ सावधानियां जरूरी हैं। जैसे-
- Instagram ऐप हमेशा अपडेट रखें।
- जरूरी चैट्स का बैकअप डाउनलोड कर लें।
- पासवर्ड या बैंक डिटेल शेयर न करें।
- जरूरी डॉक्यूमेंट भेजने के लिए View Once इस्तेमाल करें।
- ज्यादा सुरक्षित बातचीत के लिए WhatsApp चुनें।
- Vanish Mode का इस्तेमाल कर सकते हैं।











