इंदौर में चेकिंग से बचने के लिए पुलिस पर चढ़ाई कार! स्टॉपर तोड़कर भागे युवक, 3 किमी पीछा कर पकड़े गए

इंदौर - एबी रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान कार सवार दो युवकों ने पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। आरोपियों ने चेकिंग प्वाइंट पर लगे स्टॉपर को तोड़ दिया और सामने खड़े प्रधान आरक्षक लाल साहब जाटव को कार से टक्कर मार दी। इसके बाद वे तिलक नगर की ओर भाग निकले। साथी पुलिसकर्मियों ने घायल जवान को संभालते हुए आरोपियों का करीब तीन किलोमीटर तक पीछा किया और कार समेत दोनों को पकड़ लिया।
नशे की जांच के लिए रोकी थी कार
घटना एबी रोड स्थित पीसी सेठी अस्पताल के समीप की है। सदर बाजार पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक लाल साहब जाटव, थानेदार रमेश चंद्र मोनिया, राजेश मिश्रा और अन्य पुलिसकर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नौलखा की ओर से कार (MP 09 AR 1239) तेज रफ्तार में आती दिखाई दी।पुलिसकर्मियों ने नशे की जांच के लिए कार को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने रुकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी और चेकिंग के लिए लगाए गए स्टॉपर को टक्कर मार दी। इसके बाद कार शिवाजी वाटिका की ओर निकल गई और सामने खड़े प्रधान आरक्षक लाल साहब जाटव को टक्कर मार दी।एडीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी और दोनों आरोपी तिलक नगर की ओर भागने लगे।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदूषण पर 24x7 नजर, 700 से ज्यादा निर्माण साइट्स पर AI-CCTV से निगरानी
तीन किलोमीटर पीछा कर कार समेत दबोचा
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपियों का पीछा शुरू किया। करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने कार को रोककर दोनों युवकों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान देवास के कोलारी, खातेगांव निवासी अनुज मीणा और बैरागढ़ निवासी शिवम के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना में सिपाही राजेश मिश्रा को भी चोट आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं प्रधान आरक्षक लाल साहब जाटव का उपचार जारी है।




















