Hemant Nagle
28 Dec 2025
Naresh Bhagoria
28 Dec 2025
Naresh Bhagoria
27 Dec 2025
इंदौर। इंदौर के उद्योगपति और समाजसेवी विनोद अग्रवाल को एडलगिव हुरून इंडिया फाउंडेशन द्वारा जारी देश के शीर्ष दानदाताओं की सूची (EdelGive Hurun India Philanthropy List 2025) में 71वां स्थान मिला है। इस वर्ष जारी सूची में देशभर के 185 प्रमुख परोपकारियों को शामिल किया गया है। अग्रवाल मध्यप्रदेश के दानदाताओं में सबसे अव्वल रहे हैं।
पिछले वर्ष अग्रवाल 58वें स्थान पर थे। 2023-24 में उन्होंने 20 करोड़, 2022 में 30 करोड़ और 2021 में 11 करोड़ रुपए का दान किया था। वे ‘अग्रवाल बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन’ के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं, जो चमेली देवी अग्रवाल अन्नक्षेत्र (उज्जैन), मेडिकल सेंटर, योग केंद्र और मांगलिक भवन (सालासर) जैसी संस्थाएं संचालित करता है। अग्रवाल का कहना है, व्यवसाय तभी सफल होता है जब उससे जुड़े सभी लोग साथ बढ़ें और उसका लाभ मानवता की सेवा में समर्पित हो।
विनोद अग्रवाल ने अयोध्या राम मंदिर के लिए भी 1 करोड़ रुपए की राशि दान की थी। उन्होंने यह दान अभियान शुरू होने के तुरंत बाद दिया था, जिससे वह इस अभियान में सबसे पहले और सबसे बड़ी राशि दान करने वाले व्यक्तियों में से एक बने। इसके बाद आरएसएस के इंदौर विभाग के पदाधिकारियों ने उन्हें उनके सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह के रूप में अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का एक मॉडल भेंट किया था।
इस बार भी एचसीएल टेक्नोलॉजीज के संस्थापक शिव नाडर दान देने के मामले में शीर्ष पर हैं। वह पिछले 4 साल से लगातार सबसे ज्यादा दान देने वाले व्यक्ति बने हुए हैं। इस साल शिव नाडर ने 2708 करोड़ रुपए दान किए हैं। यानी 7.4 करोड़ रुपए प्रतिदिन। शिव नाडर और उनके परिवार द्वारा किया गया यह दान पिछले साल के मुकाबले 26 प्रतिशत ज्यादा है। इस दान का ज्यादा हिस्सा शिक्षा और कला-संस्कृति से जुड़ी परियोजनाओं पर किया गया है। हुरुन की इस सूची के अनुसार मुकेश अंबानी देश के दूसरे सबसे बड़े दानवीर हैं। इस साल मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने कुल 626 करोड़ रुपए का दान किया है। दान-दाताओं में बजाज परिवार तीसरे स्थान पर है। बजाज परिवार ने कुल 446 करोड़ रुपए का दान किया है।
लिस्ट में चौथे स्थान पर कुमार मंगलम बिड़ला का नाम है, जिन्होनें 440 करोड़ रुपए का दान किया है। अडाणी समूह के संस्थापक गौतम अडाणी देश के पांचवें सबसे बड़े दानवीर है। इस साल उन्होंने कुल 386 करोड़ रुपए का दान किए हैं, जो पिछले साल से 17 प्रतिशत ज्यादा है। इस लिस्ट में टॉप 10 लोगों ने मिलकर 5834 करोड़ रुपए का दान किया है, जो कुल दान का 56 प्रतिशत ह। टॉप 10 लोगों द्वारा किया गया ये दान पिछले साल के मुकाबले 26 प्रतिशत ज्यादा है। साल 2025 में देश के 191 दानदाताओं ने कुल 10,380 करोड़ रुपए दान किए हैं। एडलगिव हुरून इंडिया फाउंडेशन के अनुसार 191 लोगों की इस सूची में 12 नए लोग भी शामिल हुए है। देश में दान देने की संस्कृति पिछले 3 सालों में 85 प्रतिशत बढ़ी है।