इंदौर से शारजाह जाने वाली एकमात्र फ्लाइट बंद : कंपनी ने वेबसाइट से हटाया रूट, पिछले 4 महीने से टल रही थी उड़ान

पीपुल्स संवाददाता, इंदौर। मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा झटका लगा है। इंदौर से शारजाह के बीच संचालित होने वाली प्रदेश की एकमात्र नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान अब लगभग बंद ही हो गई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस रूट को अपनी वेबसाइट से हटा दिया है। ऐसे में 1 जुलाई से उड़ान दोबारा शुरू होने की उम्मीद भी अब खत्म हो गई है। दरअसल, 28 फरवरी से बंद पड़ी इस उड़ान को एयरलाइन ने पहले अप्रैल, फिर मई, जून और बाद में 1 जुलाई 2026 से दोबारा शुरू करने की घोषणा की थी। इसके लिए बुकिंग भी खोली गई थी, लेकिन हर बार अंतिम समय में संचालन आगे बढ़ा दिया गया। अब स्थिति यह है कि जुलाई ही नहीं, आगामी महीनों के शेड्यूल में भी इंदौर-शारजाह उड़ान दिखाई नहीं दे रही है। इससे इस बात की आंशका है कि कंपनी ने इस उड़ान को बंद की कर दिया है।
हफ्ते में चार दिन संचालन का जारी हुआ शेड्यूल
ट्रेवल एजेंटों ने बताया कि कई बार अलग-अलग तारीखों से सेवा बहाल करने की घोषणा की गई, लेकिन उड़ान शुरू नहीं हो सकी। हाल ही में एयरलाइन ने सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ान संचालन का शेड्यूल जारी करते हुए जुलाई से बुकिंग शुरू की थी। ट्रैवल एजेंट्स और यात्रियों को उम्मीद थी कि इस बार सेवा बहाल हो जाएगी, लेकिन अब रूट को ही सिस्टम से हटा दिया गया है।
यह भी पढ़ें: राजगढ़ : 21 किलोमीटर दूर रबड़ी खाने निकले थे दो दोस्त, ट्राले की टक्कर से सिर फूटा, दिल- फेफड़े 20 फीट दूर मिले
इंदौर उज्जैन सहित कई जिलों के यात्री करते थे यात्रा
ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि एयरलाइन द्वारा बार-बार संचालन की तारीख घोषित करने और फिर उसे टालने से यात्रियों में भ्रम और निराशा की स्थिति बनी। अब सिस्टम से रूट हटने के बाद निकट भविष्य में उड़ान शुरू होने की संभावना भी कम नजर आ रही है। इंदौर-शारजाह उड़ान केवल इंदौर ही नहीं बल्कि भोपाल, उज्जैन, देवास, रतलाम सहित पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र के यात्रियों के लिए विदेश पहुंचने का प्रमुख माध्यम थी।
इस उड़ान के जरिए बड़ी संख्या में यात्री संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अलावा अन्य खाड़ी देशों और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक कनेक्टिंग फ्लाइट लेते थे। उड़ान बंद होने से अब यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु या हैदराबाद जैसे शहरों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें लेनी पड़ेंगी, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे।
एक्सपर्ट्स बोले- अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी जल्द सुधारनी होगी
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लंबे समय तक यह स्थिति बनी रही तो इंदौर एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को नुकसान हो सकता है। इससे भविष्य में अन्य एयरलाइनों द्वारा नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की संभावनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। व्यापार, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे इंदौर के लिए यह स्थिति चिंता का विषय मानी जा रही है। सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान बंद होने से यात्रियों को अतिरिक्त समय और पैसा खर्च करना पड़ेगा, वहीं शहर की वैश्विक कनेक्टिविटी को भी झटका लगेगा।











