इंदौर नगर निगम द्वारा बिना ट्रेड लाइसेंस चल रहीं 14 दुकानें सील:57 कारोबारियों ने कराया लाइसेंस रिन्यू

इंदौर। शहर के बाजारों में नियमों के बिना कारोबार करने वाले दुकानदारों पर नगर निगम ने अब सख्ती बढ़ा दी है। ट्रेड लाइसेंस की वैधता जांचने के लिए निगम ने बाजारों में विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले ही दिन अलग-अलग झोन में कार्रवाई करते हुए बिना वैध ट्रेड लाइसेंस मिलने पर 14 दुकानों को सील कर दिया गया। वहीं जांच के दौरान 57 कारोबारियों ने मौके पर ही अपने ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण कराया।
संबंधित खबर: घर को हॉस्टल और चाय की दुकान को रेस्टोरेंट बनाया तो खैर नहीं! इंदौर निगम चलाएगा बड़ा अभियान
पहले दिया मौका, अब सीधे कार्रवाई
नगर निगम ने कुछ समय पहले शहर के विभिन्न बाजारों में शिविर आयोजित किए थे। इन शिविरों का उद्देश्य व्यापारियों को नया ट्रेड लाइसेंस बनवाने और पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण कराने की सुविधा देना था। निगम की ओर से कारोबारियों को लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करने का अवसर दिया गया, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक बड़ी संख्या में व्यापारियों ने इसका लाभ नहीं उठाया।इसके बाद निगम ने अब सख्त रुख अपनाते हुए दुकान-दुकान जाकर ट्रेड लाइसेंस की जांच शुरू कर दी है। निगम का स्पष्ट निर्देश है कि जिस प्रतिष्ठान के पास वैध और नवीनीकृत ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलेगा, उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: इंदौर: नगर निगम में वेतन घोटाले का खुलासा, दो कर्मचारियों पर FIR; 2.94 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप
बाजारों में पहुंची राजस्व विभाग की टीमें
अभियान के तहत विभिन्न झोन की राजस्व टीमों ने दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। टीमों ने कारोबारियों से नगर निगम द्वारा जारी ट्रेड लाइसेंस दिखाने को कहा और दस्तावेजों की वैधता की जांच की।जांच के दौरान कई व्यापारियों ने कार्रवाई से पहले ही अपने लाइसेंस की स्थिति दुरुस्त कराई। कुल 57 ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण कराया गया।
ये भी पढ़ें: इंदौर में गहराया जल संकट: दावों और हकीकत में बड़ा अंतर, 1300 रुपए में मिल रहा पानी का टैंकर
लाइसेंस नहीं मिला तो 14 दुकानों पर सील
जिन दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जरूरी ट्रेड लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया, उनके खिलाफ निगम ने कार्रवाई की। झोन क्रमांक 3 में 8 और झोन क्रमांक 15 में 6 दुकानों को सील किया गया।इस तरह अभियान के पहले दिन ही कुल 14 दुकानों के शटर सील कर दिए गए। झोन क्रमांक 3 में कुम्हार मोहल्ला और नगर निगम रोड क्षेत्र की दुकानों पर भी कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें: 500 रुपये की किस्त,1500 का बिल खत्म- सफाई कर्मियों को बड़ी राहत
निगम ने कारोबारियों को दिया साफ संदेश
नगर निगम ने संबंधित कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमानुसार आवश्यक ट्रेड लाइसेंस प्राप्त करें और यदि लाइसेंस पहले से बना हुआ है तो उसका समय पर नवीनीकरण कराएं।राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान सिर्फ एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। शहर में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस की वैधता की नियमित जांच की जाएगी।
अब दस्तावेजों के बिना कारोबार करना पड़ेगा भारी
निगम अधिकारियों के मुताबिक बिना वैध ट्रेड लाइसेंस व्यवसाय संचालित करते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नगर निगम के प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में शहर के अन्य बाजारों में भी जांच अभियान जारी रहने की संभावना है।




















