Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सात करोड़ के आभूषणों से सजे खजराना गणपति, चढ़ाए गए हीरे जड़ित नए नेत्र

इंदौर के खजराना स्थित सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी पर गणपति जी का सात करोड़ रुपये के स्वर्ण आभूषणों और हीरे जड़ित नए नेत्रों से दिव्य श्रृंगार किया गया। भक्त मंडल ने सवा लाख मोदक का महाभोग लगाया। इस बार 12 दिन के गणेश उत्सव में करीब 20 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
सात करोड़ के आभूषणों से सजे खजराना गणपति, चढ़ाए गए हीरे जड़ित नए नेत्र
इंदौर। खजराना गणेशजी को हीरे जड़ित नेत्र लगाए गए।

इंदौर। खजराना स्थित सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी पर भव्य श्रृंगार और महाभोग का आयोजन किया गया। भक्त मंडल की ओर से सुबह सवा लाख मोदक प्रसाद का भोग गणपति जी को समर्पित किया गया। इस दौरान गणपति जी का सात करोड़ रुपये के स्वर्ण आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया।

सवा लाख मोदक का लगाया भोग

श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी, कैलाश पंच एवं पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार ने बताया कि मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर शिवम वर्मा तथा मंदिर प्रशासक एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने ध्वजा पूजन कर गणेशजी को स्वर्ण आभूषण समर्पित किए। इसके पश्चात भक्त मंडल द्वारा निर्मित सवा लाख मोदक का भोग लगाकर भक्तों में वितरण किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट, पं. सुमित भट्ट एवं जयदेव भट्ट द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच मोदक का भोग समर्पित किया गया।

हीरे जड़ित नेत्रों से बढ़ी रौनक

मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट ने बताया कि इस बार गणपति जी को हीरे जड़ित नए नेत्र चढ़ाए गए हैं। सात करोड़ रुपये के स्वर्ण आभूषणों से गणपति का श्रृंगार किया गया। श्रृंगार एक दिन पहले हरतालिका तीज से ही शुरू कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि जिन आभूषणों से श्रृंगार किया जाता है, वे बाद में ट्रेजरी में सुरक्षित रख दिए जाते हैं। साल में केवल दो ही दिन इन विशेष आभूषणों से गणपति जी का श्रृंगार किया जाता है।

ये भी पढ़ें: हरतालिका तीज पर कुबेरेश्वरधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दो क्विंटल फूलों से सजा भव्य फूलेरा

इन आभूषणों से हुआ श्रृंगार

विशेष श्रृंगार में गणपति जी का स्वर्ण मुकुट, माताजी का मुकुट, शुभ-लाभ के मुकुट, स्वर्ण चंद्रिका और छत्र शामिल हैं। हीरे और स्वर्ण जड़ित आभूषणों के साथ चांदी के अलंकारों से बप्पा का अलौकिक रूप सजाया गया। भक्त मंडल की ओर से बताया गया कि पूरे गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन गणेश जी को विभिन्न प्रकार के अनाज के लड्डुओं का भोग भी समर्पित किया जाएगा। इस दौरान करीब 20 लाख भक्तों के दर्शन के लिए पहुंचने का अनुमान है।

इस बार 12 दिन का होगा गणेश उत्सव

आचार्य रामचंद्र शर्मा वैदिक ने बताया कि इस साल गणेश उत्सव  12 दिन का होगा। तृतीया और चतुर्थी एक ही दिन होने से उत्सव एक दिन बढ़ गया है। इस बार हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी दोनों सोमवार को हैं। अब अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर को रहेगी। 

ये भी पढ़ें: कभी आंगन का हिस्सा था आंकड़े का पेड़, इसी की जड़ के नीचे खुदाई में मिली पंचमुखी गणेश प्रतिमा..! आज इसी स्थान पर बना गणेश धाम

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts