इंदौर बना वैश्विक निवेश का केंद्र, 15 देशों के राजदूत और निवेशक आज शहर में

इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक ताकत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आज इंदौर में भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन बिजनेस फोरम का भव्य आयोजन हो रहा है। एमपीआईडीसी के सहयोग से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में लैटिन अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र के 15 देशों के राजदूत, उच्चायुक्त, महावाणिज्यदूत, निवेशक, निर्यातक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
और पढ़ें: फाइबर केबल बिछाने में फूटी नर्मदा लाइन: नगर निगम ने ठोका 5 लाख का जुर्माना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में राजनयिक समुदाय का सम्मान, विशेष संबोधन, भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन विशेष संस्करण का विमोचन तथा मुख्यमंत्री का मुख्य उद्बोधन प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही एमपीआईडीसी मध्यप्रदेश को उभरते हुए वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत करेगा।
कार्यक्रम में 350 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें व्यापार आयुक्त, एमएसएमई प्रतिनिधि, उद्योगपति, निर्यातक और वरिष्ठ शासकीय अधिकारी शामिल हैं। चार प्रमुख वाणिज्य एवं उद्योग मंडल भी इस आयोजन में सहभागिता कर रहे हैं। फोरम का मुख्य उद्देश्य भारत तथा लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत बनाना है।
मध्यप्रदेश का इन देशों के साथ व्यापार लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2025-26 में राज्य से लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन क्षेत्र को लगभग 4,186 करोड़ रुपए का निर्यात हुआ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 12.6 प्रतिशत अधिक है। इस निर्यात में फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही है। ब्राजील, मैक्सिको और चिली प्रदेश के प्रमुख निर्यात बाजारों में शामिल हैं।
और पढ़ें: 92 करोड़ फर्जी बिल घोटाले में ईडी का शिकंजा: जांच में सामने तत्कालीन सहायक यंत्री मुख्य साजिशकर्ता
फोरम के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडल अपने-अपने देशों में निवेश और व्यापार की संभावनाओं पर प्रस्तुति देंगे। साथ ही व्यापार एवं निवेश के अवसर, विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग तथा सेवा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर तीन महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं आयोजित की जा रही हैं। इन चर्चाओं में फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन, फिनटेक और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।
और पढ़ें: India GDP Growth: उम्मीद से बेहतर रही देश की अर्थव्यवस्था, FY26 में 7.7% की दर से बढ़ी जीडीपी
इधर, 9 जून से इंदौर में प्रस्तावित ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। भोपाल से आए वरिष्ठ अधिकारियों ने होटल शेरेटन, मैरियट और ग्रामीण हाट बाजार सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
ब्रिक्स सम्मेलन के माध्यम से इंदौर को कृषि, नवाचार और विकास के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी से ज्ञान, तकनीक और अनुभवों का आदान-प्रदान भी होगा, जिससे प्रदेश को दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है।












