पुलिस की अपील: दीपावली पर खतरनाक कैल्शियम कार्बाइड गन से रहें दूर, बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध

सोहागपुर। दीपावली के त्योहार पर खुशियों के बीच किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए सोहागपुर पुलिस और प्रशासन ने बैठक लेकर आमजन से खतरनाक देशी गन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।
बैठक में एसडीएम डॉक्टर बबीता राठौर, एसडीओपी अरविंद साहा और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल मौजूद रहे। इस अवसर पर पटाखा व्यवसायी और गणमान्य नागरिकों सहित जनप्रतिनिधी मौजूद थे।
एसडीओपी साहा ने विशेष रूप से कैल्शियम कार्बाइड से चलने वाली उन देशी गनों को लेकर सतर्क किया है, जिन्हें प्लास्टिक के पाइप से बनाया जाता है। पुलिस ने कहा कि इन गनों के इस्तेमाल से होने वाले धमाकों के कारण पूर्व के वर्षों में कई लोग घायल हो चुके हैं। इनके निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
धमाके से आंखों और चेहरे को खतरा
पुलिस ने बताया कि कैल्शियम कार्बाइड गन से निकलने वाली गैस और उससे होने वाला तेज धमाका गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। इससे आंखों और चेहरे पर चोट लगने के साथ अन्य शारीरिक नुकसान की आशंका रहती है। दीपावली के दौरान ऐसी गनों का इस्तेमाल लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, इनकी बिक्री और इस्तेमाल पर रोक है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी गनों से दूर रहें और बच्चों को भी इनके खतरों के प्रति जागरूक करें।
बिक्री या इस्तेमाल की सूचना तत्काल दें
सोहागपुर पुलिस ने आमजन से कहा है कि यदि कहीं कैल्शियम कार्बाइड से चलने वाली देशी गन की बिक्री या इस्तेमाल होता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए आपातकालीन सेवा 112 अथवा सोहागपुर थाना मोबाइल नंबर 7701052276 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस द्वारा ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ जांच और जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा नियमों के पालन की हिदायत
बैठक में व्यापारियों को पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन, आवश्यक सुरक्षा उपायों और पटाखा लाइसेंस से संबंधित नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। दीपावली के दौरान पटाखों के कारण आग लगने जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इसलिए दुकानदारों को विशेष सावधानी बरतने और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही व्यापार करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल पर जोर
पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से दीपावली पर पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल को प्राथमिकता देने की अपील की है। ऐसे पटाखों की बिक्री और उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है, जिनसे प्रदूषण अपेक्षाकृत कम होता है।
पुलिस ने कहा कि त्योहार के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का सबब बन सकती है। इसलिए नागरिक स्वयं सतर्क रहें, बच्चों को खतरनाक गनों से दूर रखें और पटाखों का इस्तेमाल करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें।




















