भोपाल: वीआईपी रोड पर अनियंत्रित बस खंभे से टकराई, 11 विद्यार्थी घायल

भोपाल। हादसा राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच मोड़ पर हुआ, जहां बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक उसे नियंत्रित नहीं कर पाया। घायल छात्र ने चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया है और बताया कि हादसे से दो मिनट पहले ही उसने एक परिचित को मैसेज कर इसकी जानकारी दी थी। घायलों को हमीदिया अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जबकि विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मामले की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के प्रयास करने की बात कही है।
घायल छात्र ने चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
हादसे में घायल आरजीपीवी के सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा सेकेंड ईयर के छात्र ने बताया कि उस दिन बस करीब आधे घंटे देरी से चल रही थी। इसके बाद चालक ने बस तेज रफ्तार में चलाई और वीआईपी रोड पर बस का अगला टायर डिवाइडर पर चढ़ गया, जिसके बाद बस अनियंत्रित हो गई। हादसे से करीब दो मिनट पहले ही उसने एक परिचित को मैसेज कर बताया था कि बस चालक बहुत लापरवाही से बस चला रहा है। वह माता मंदिर से बस में सवार हुआ था।
आरजीपीवी के कुलपति ने जताया दुख
आरजीपीवी के वाइस चांसलर आलोक शर्मा ने हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि इसमें 6 से 7 विद्यार्थी घायल हुए थे, जिनमें से 4 से 5 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। एक-दो विद्यार्थियों को जल्द छुट्टी दिए जाने की संभावना है, जबकि एक छात्र को सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि बस चालक की लापरवाही की जांच कराई जाएगी और ट्रांसपोर्ट विभाग से चर्चा कर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
बस की रफ्तार अधिक होने से चालक ने खोया नियंत्रण
कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक, बस सुबह 12 नंबर क्षेत्र से आरजीपीवी के विद्यार्थियों को लेकर जा रही थी। वीआईपी रोड पर मोड़ के दौरान बस की रफ्तार अधिक थी, जिसके कारण चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और वह डिवाइडर से टकराने के बाद खंभे से जा लगी। हादसे के बाद बस को सीधा किया गया और उसमें सवार विद्यार्थियों और अन्य लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें: इटावा में खौफनाक वारदात! पिता की चाय में मिलाई नींद की दवा, फिर प्रेमी संग मिलकर कर दी हत्या; बक्से में छिपाई लाश
एक छात्र के हाथ में फ्रैक्चर
हादसे में घायल बसंत नाम के विद्यार्थी के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि खुशी नाम की छात्रा की आंख के ऊपर चोट आई है। एक अन्य गंभीर रूप से घायल विद्यार्थी का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी के अनुसार, घायल विद्यार्थियों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष है और अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को हमीदिया अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया।
बस स्टाफ के तीन सदस्य भी हुए घायल
इस हादसे में विद्यार्थियों के साथ बस में ड्यूटी पर तैनात तीन स्टाफ सदस्य भी घायल हुए हैं। फिलहाल घायलों की कुल संख्या करीब 10 से 11 बताई जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।




















