यूपी समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग का आदेश, अधिकारियों की तैनाती को लेकर दिए निर्देश

चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को उन विधानसभा सीटों पर भी तैनात नहीं किया जाएगा, जहां वे पिछले विधानसभा चुनाव या उपचुनाव के दौरान तैनात थे। इन पांच राज्यों में फरवरी-मार्च 2027 में चुनाव होने की संभावना है, जबकि मौजूदा विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च 2027 में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।
पांच राज्यों के मुख्य सचिवों को निर्वाचन आयोग के निर्देश
निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के मुख्य सचिवों को अधिकारियों की तैनाती को लेकर निर्देश दिए हैं। इसके तहत किसी भी अधिकारी को उसके गृह क्षेत्र में तैनात नहीं किया जाएगा, ताकि चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए निर्धारित व्यवस्था का पालन हो सके।
ये भी पढ़ें: यूपी MLC चुनाव में लापरवाही पर EC का एक्शन, 6 अधिकारियों के निलंबन के आदेश
फरवरी-मार्च 2027 में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में फरवरी-मार्च 2027 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। वर्ष 2022 में निर्वाचन आयोग ने जनवरी में चुनाव की घोषणा की थी, जबकि इस बार भी चुनाव से पहले तैयारियां तेज हो गई हैं। मौजूदा विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च 2027 में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।
मार्च 2027 में खत्म होगा पांचों विधानसभाओं का कार्यकाल
उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मार्च, उत्तराखंड का 28 मार्च, पंजाब का 16 मार्च, गोवा का 13 मार्च और मणिपुर का 14 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। इन तारीखों को देखते हुए पांचों राज्यों में चुनावी तैयारियों का महत्व बढ़ गया है। एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) को लेकर जारी विवाद के बीच इन चुनावों पर भी राजनीतिक और प्रशासनिक नजरें टिकी हुई हैं।
भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा और आप ने तेज की तैयारी
इन पांच राज्यों में चुनाव को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा की सरकार है, जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी सत्ता में है। भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा, आप, एआईएमआईएम और अन्य क्षेत्रीय दलों के नेता लगातार प्रचार अभियान और चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं।




















