1.5 करोड का 25 हजार लीटर गोवर्धन घी जब्त, इंदौर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

इंदौर। प्रदेशभर में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 हजार लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपए है, के विक्रय पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी है। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से 30 से अधिक खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं।
गोवर्धन ब्रांड घी के 20 नमूने लिए
जिला खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि गोवर्धन ब्रांड घी के नमूने एक सप्ताह पहले लिए गए थे, जो की जांच में फैल हो गए थे इसके बाद इंदौर में आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के निर्देश और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने एबी रोड स्थित विक्टर हाउस-1 में पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड के डिपो का निरीक्षण किया। यहां गोवर्धन ब्रांड घी का भंडारण एवं पूरे मध्यप्रदेश में वितरण किया जाता है। प्रतिष्ठान केंद्रीय अनुज्ञप्तिधारी होने के कारण एफएसएसएआई वेस्टर्न रीजन, ब्रांच ऑफिस इंदौर की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त कार्रवाई में गोवर्धन ब्रांड घी के विभिन्न पैकिंग आकारों के 20 नमूने जांच के लिए लिए गए तथा करीब 25 हजार लीटर घी की बिक्री पर जांच पूरी होने तक रोक लगा दी गई।

गोपीश्री ब्रांड घी भी जांच के दायरे में
इसी अभियान के तहत भावण्या इंटरप्राइजेज, साउथ हरसिद्धि से गोपीश्री ब्रांड घी के चार नमूने लिए गए। साथ ही लगभग 312 लीटर घी, जिसकी कीमत करीब 1.35 लाख रुपए है, को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया गया।
रेस्टोरेंट में मिली स्वच्छता संबंधी खामियां
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शिकायत मिलने पर विजयनगर स्थित एक रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। यहां रसोई में स्वच्छता मानकों का पालन संतोषजनक नहीं मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की गई। साथ ही पनीर, दही और मसालों के नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए।
ये भी पढ़ें: DRI की बड़ी कार्रवाई: 1.6 करोड़ की एम्फेटामिन के साथ नाइजीरियाई महिला तस्कर गिरफ्तार
अमिताभ बच्चन ने नहीं किया इंडिपेंडेंट एड
गोवर्धन घी को लेकर कार्रवाई के बीच यह स्पष्ट करना भी आवश्यक है कि अभिनेता अमिताभ बच्चन ने गोवर्धन घी का कोई स्वतंत्र (इंडिपेंडेंट) विज्ञापन नहीं किया है। हालांकि, उनका लोकप्रिय टीवी शो ''कौन बनेगा करोड़पति'' (केबीसी) गोवर्धन घी का सह-प्रायोजित (को-स्पॉन्सर्ड) कार्यक्रम रहा है। इसी वजह से शो के दौरान ब्रांड का उल्लेख किया जाता रहा है तथा प्रचार सामग्री और पोस्टरों में शो की ब्रांडिंग के साथ अमिताभ बच्चन की तस्वीर का उपयोग किया गया है। इसका यह अर्थ नहीं है कि उन्होंने गोवर्धन घी का अलग से व्यक्तिगत विज्ञापन किया है।
महू में शिकायत पर त्वरित कार्रवाई
महू क्षेत्र में प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां से बेसन, मिठाई, शक्कर और नमकीन के कुल छह नमूने जांच के लिए लिए गए। शिकायतकर्ता ने कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशालाओं में भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: जनविश्वास अभियान के पहले दिन एक्शन में सीएम, छिंदवाड़ा CMHO, परासिया तहसीलदार और पटवारी को किया सस्पेंड
8 बिंदुओं पर जानिए कार्रवाई
- 5 हजार लीटर घी की बिक्री पर रोक
- डेढ़ करोड़ का स्टॉक जांच के दायरे में
- 30 से अधिक नमूने लिए गए
- गोवर्धन घी के 20 नमूने जांच को भेजे
- गोपीश्री घी का स्टॉक जब्त
- रेस्टोरेंट को सुधार नोटिस
- महू से छह खाद्य नमूने लिए
- रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं
'प्रदेशभर में चल रहे विशेष अभियान के तहत दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है। जिन प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए हैं, उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।'












