DRI की बड़ी कार्रवाई:1.6 करोड़ की एम्फेटामिन के साथ नाइजीरियाई महिला तस्कर गिरफ्तार

रतलाम। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रतलाम जंक्शन पर एक नाइजीरियाई महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से करीब 2 किलोग्राम एम्फेटामिन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.6 करोड़ रुपये आंकी गई है। डीआरआई ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी महिला को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें: आबूधाबी-इंदौर फ्लाइट में गोल्ड तस्करी! यात्री से 1 किलो सोना बरामद, DRI ने एयरलाइंस कर्मचारियों से भी की पूछताछ
डीआरआई अधिकारियों को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक विदेशी महिला नई दिल्ली से मुंबई जाने वाली ट्रेन में भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रही है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने 6 अगस्त 2026 को रतलाम जंक्शन पर विशेष निगरानी अभियान चलाया। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही संदिग्ध महिला की पहचान कर उसे रोका गया और उसके सामान की गहन जांच की गई।
ये भी पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट पर ‘गोल्ड गैंग’ का भंडाफोड़! ₹38 करोड़ का 29.37 किलो सोना जब्त, 24 केन्याई महिलाएं गिरफ्तार
तलाशी के दौरान महिला के ट्रॉली बैग में विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चैंबर मिला। इस छिपे हुए हिस्से से भूरे रंग के प्लास्टिक पैकेट में रखा सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर यह पदार्थ एम्फेटामिन पाया गया। इसके बाद डीआरआई ने पूरे मादक पदार्थ को जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह खेप किसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया, मुंबई में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।












