Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में बेटी को परेशान करने वाले युवक को मां ने जाल बिछाकर पकड़ा, भीड़ ने पीटा; बाइक फूंकी

मध्य प्रदेश के सीहोर में 10 साल की बेटी को परेशान करने के आरोप में मां ने सहेली के साथ युवक को मिलने के बहाने बुलाकर पकड़ा। भीड़ ने पिटाई कर बाइक में आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीहोर में बेटी को परेशान करने वाले युवक को मां ने जाल बिछाकर पकड़ा, भीड़ ने पीटा; बाइक फूंकी

सीहोर। बेटी की सुरक्षा पर खतरा मंडराया तो एक मां का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बेटी को लगातार परेशान करने के आरोप में एक युवक को मां ने अपनी सहेली के साथ मिलकर मिलने के बहाने बुलाया और दबोच लिया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की सरेआम पिटाई कर दी और उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया। भैरूंदा हाईवे स्थित कांकड़खेड़ा माता मंदिर के सामने हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मां का आरोप है कि एक दिन पहले शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की।

10 साल की बेटी को परेशान करने का आरोप

मामला कांकड़खेड़ा माता मंदिर के सामने का है। जानकारी के अनुसार, चांद पठान नामक युवक पर 10 वर्षीय नाबालिग बालिका को लंबे समय से परेशान करने और फोन कॉल तथा वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील हरकतें करने का आरोप है। बालिका ने जब अपनी मां को पूरी बात बताई तो वह सकते में आ गई। बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित मां ने आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।

थाने पहुंची मां, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

पीड़िता की मां के मुताबिक, उसने घटना से एक दिन पहले ही संबंधित युवक की शिकायत पुलिस थाने में की थी। मां का आरोप है कि शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात को लेकर परिवार में नाराजगी थी। मां का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो उसे इस तरह खुद मैदान में उतरने की नौबत नहीं आती।

बेटी के फोन से बुलाया, मां और सहेली ने दबोचा

बताया जा रहा है कि मां ने अपनी सहेली के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। इसके तहत नाबालिग के मोबाइल फोन से आरोपी को कांकड़खेड़ा के पास मिलने के लिए बुलाया गया। जैसे ही युवक बाइक लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा, पहले से मौजूद मां और उसकी सहेली ने उसे पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और युवक की जमकर पिटाई शुरू हो गई।

भीड़ का फूटा गुस्सा, बाइक को किया आग के हवाले

घटना के दौरान आक्रोशित लोगों ने युवक की बाइक में आग लगा दी। हाईवे पर अचानक हुए इस हंगामे से अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, भीड़ द्वारा की गई मारपीट और वाहन में आगजनी की घटना भी कानून के दायरे में जांच का विषय है।

Breaking News

डायल 112 को सूचना, फिर भी पुलिस की देरी पर सवाल

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे गंभीर सवाल पुलिस की सक्रियता को लेकर उठ रहे हैं। मां का दावा है कि घटनास्थल पर युवक को बुलाने से करीब एक घंटा पहले ही डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस के समय पर नहीं पहुंचने का आरोप है। सवाल यह है कि जब नाबालिग से जुड़ी गंभीर शिकायत पहले ही पुलिस तक पहुंच चुकी थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

जांच के बाद कार्रवाई का पुलिस का दावा

घटना के बाद इछावर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी रामबाबू राठौर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि नाबालिग को परेशान करने के आरोपों, पूर्व शिकायत, पुलिस को दी गई सूचना, मारपीट और बाइक में आगजनी के पूरे घटनाक्रम की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts