इंदौर दोहरा हत्याकांड: पिता-बहन की हत्या कर बना 'सरदार'! पगड़ी बांध दिल्ली में छिपा था हर्ष यादव, पुलिस ने दबोचा

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर में हुए सनसनीखेज पिता-पुत्री हत्याकांड के मुख्य आरोपी हर्ष यादव को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपनी पहचान छिपाने का पूरा इंतजाम कर रखा था। वह पगड़ी बांधकर सरदार के भेष में रह रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, हर्ष पर अपने पिता राजू यादव और बहन हर्षिता की हत्या का आरोप है।
इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। शुरुआती जांच में सामने आया था कि हर्ष ने पहले पिता राजू यादव की हत्या की और उनका शव ठिकाने लगा दिया। इसके बाद बहन हर्षिता की भी गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से ही वह फरार था। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। आखिरकार दिल्ली में उसकी लोकेशन मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
संबंधित खबर: इंदौर डबल मर्डर: दोस्तों को पहले ही सुना चुका था कत्ल का प्लान, बोला था- पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा
50 लाख की संपत्ति को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे संपत्ति और पैसों का विवाद सामने आया था। बताया गया था कि राजू यादव ने मल्हारगंज स्थित मकान करीब 50 लाख रुपये में बेचा था। इसमें से लगभग 25 लाख रुपये बेटी हर्षिता के लिए प्लॉट खरीदने में लगाने की बात सामने आई थी। इसी संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर हर्ष और उसके पिता के बीच विवाद होने की आशंका जताई गई थी। जांच में यह भी सामने आया था कि हर्ष राजू यादव का जैविक बेटा नहीं था। करीब 28 साल पहले उसे परिचित के माध्यम से गोद लिया गया था। पुलिस इसी पारिवारिक और संपत्ति विवाद को हत्याकांड की संभावित वजह मानकर जांच कर रही थी।
ये भी पढ़ें: स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों में लगी आग, गेटमैन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
पिता का शव बोरे में भरकर नाले में फेंका था
पुलिस की पिछली जांच के अनुसार, राजू यादव की हत्या उनके किराए के मकान में की गई थी। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर बोरे में रखा गया और हातोद क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी में बड़ी कलमेर के पास पुलिया के नजदीक फेंक दिया गया था। पुलिस को आशंका थी कि पिता की हत्या के बाद हर्ष ने बहन हर्षिता को भी रास्ते से हटाने की योजना को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें: UP Transfer List: उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल, 10 IPS और 18 PPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी; देखें पूरी लिस्ट
सीसीटीवी में कैद हुई थी वारदात से पहले की गतिविधि
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हर्ष को घर पहुंचते और दरवाजे की घंटी बजाते देखा गया था। इसके बाद हर्षिता के रोने और चिल्लाने की आवाजें सुनाई देने की जानकारी सामने आई थी। कुछ देर बाद हर्ष के साथ अमन और एक नाबालिग साथी के भी वहां से निकलने की बात जांच में सामने आई थी। पुलिस ने इस मामले में अमन को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि हर्ष फरार चल रहा था।
ये भी पढ़ें: AI से बैंकों का काम आसान तो हुआ लेकिन कमाई बढ़ाने में क्यों नहीं मिली बड़ी सफलता? McKinsey की रिपोर्ट में खुलासा
अब पूछताछ में खुलेंगे हत्या के राज
हर्ष की दिल्ली से गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे विस्तार से पूछताछ कर रही है। हत्या की साजिश, पिता की हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने, बहन की हत्या और फरारी के दौरान उसे मदद देने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दिल्ली में सरदार का भेष धारण कर रहने के दौरान उसे किसने पनाह दी थी।




















