इंदौर में फूटी कोठी पर सब्जी मंडी हटाने को लेकर बवाल! कांग्रेस का जोरदार हंगामा, नेता प्रतिपक्ष ने निगम कर्मचारी को जड़ा थप्पड़

इंदौर। फूटी कोठी ब्रिज के नीचे लगने वाली सब्जी मंडी को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को बुधवार सुबह भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई शुरू होते ही सब्जी विक्रेताओं ने हंगामा कर दिया। विरोध में कुछ महिला विक्रेताओं ने अपनी सब्जियां सड़क पर फेंक दीं, वहीं कई लोग जमीन पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनेला मिमरोट पर निगम कर्मचारी को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद मामला और गरमा गया। सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए जब्त सामान को गाड़ी से वापस निकलवा दिया। इस दौरान निगम टीम और विरोध कर रहे लोगों के बीच काफी देर तक तनातनी बनी रही।हंगामे के बीच समाजसेवी प्रहलाद पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने फिलहाल अपनी कार्रवाई रोक दी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मोर्चा संभाला।
शनिवार को भी हुआ था विरोध
फूटी कोठी ब्रिज के नीचे से सब्जी मंडी हटाने को लेकर विवाद नया नहीं है। शनिवार को भी नगर निगम की टीम यहां कार्रवाई करने पहुंची थी। उस समय भी नेता प्रतिपक्ष सोनेला मिमरोट, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित कई कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई का विरोध किया था। इसके बावजूद बुधवार को निगम की टीम दोबारा मंडी हटाने पहुंची, जिससे विवाद फिर भड़क गया।
यह भी देखें: Miss Universe 2026: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीता ताज, डोमिनिकन रिपब्लिक बनी रनर-अप; भारत टॉप-12 से बाहर
कर्मचारी को थप्पड़ मारने पर केस की तैयारी
नगर निगम के रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव ने बताया कि मंडी खाली करा दी गई है और अब दोबारा यहां सब्जी मंडी नहीं लगने दी जाएगी। कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारी के साथ मारपीट की गई है। कर्मचारी को थप्पड़ मारने की घटना को लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कराया जा रहा है।वहीं, एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि स्थिति संभालने के लिए मौके पर पांच थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था। सब्जी मंडी की शिफ्टिंग के दौरान हंगामा हुआ। कर्मचारी को थप्पड़ मारने की घटना के संबंध में नेता प्रतिपक्ष सोनेला मिमरोट को हिरासत में लिया गया है।



















