इंदौर डबल मर्डर: दोस्तों को पहले ही सुना चुका था कत्ल का प्लान, बोला था- पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में पिता राजू यादव और बहन हर्षिता की निर्मम हत्या के मामले में फरार आरोपी हर्ष यादव (28) को लेकर सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अचानक गुस्से में आकर इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम नहीं दिया, बल्कि इसके लिए करीब पांच महीने पहले से साजिश बुननी शुरू कर दी थी। वह शराब के नशे में दोस्तों के सामने कई बार कहता था कि सबको खत्म कर दूंगा। दोस्तों ने उसकी बातों को नशे में कही गई धमकी समझकर गंभीरता से नहीं लिया। अब यही बातें पुलिस की जांच में अहम कड़ी बन गई हैं।
ये भी पढ़ें: कन्नौज में पिकनिक से लौट रहे बच्चों की बस को ट्रक ने मारी टक्कर 4 की मौत, 35 घायल
दिल्ली से अंबाला तक पहुंची तलाश, मोबाइल बंद-चालू कर पुलिस को दे रहा चकमा
19 नवंबर को हुए दोहरे हत्याकांड के बाद से हर्ष यादव फरार है। पुलिस को पहले उसकी लोकेशन दिल्ली में मिली थी, लेकिन इसके बाद उसने बार-बार मोबाइल बंद और चालू करना शुरू कर दिया। अब उसकी आखिरी लोकेशन हरियाणा के अंबाला के आसपास मिली है। पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं।दिल्ली, एनसीआर और आसपास के राज्यों की पुलिस को भी आरोपी की जानकारी भेज दी गई है। हर्ष चाइनीज फूड बनाने का काम करता था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि वह किसी होटल, रेस्टोरेंट या ढाबे पर काम करने की आड़ में छिपा हो सकता है। इसी आधार पर संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की जा रही है।
पांच महीने से दिमाग में पल रहा था हत्या का खौफनाक प्लान
पुलिस को हर्ष के दोस्तों से पूछताछ में पता चला कि वह पिछले करीब चार-पांच महीने से पिता और बहन को रास्ते से हटाने की बातें कर रहा था। शराब के नशे में वह दोस्तों से कहता था कि सब खत्म कर दूंगा। कई बार दोस्तों ने उसे समझाने की कोशिश की कि परिवार के साथ विवाद खत्म करे और इस तरह की बातें न करे, लेकिन वह उल्टा उनसे ही विवाद करने लगता था।धीरे-धीरे उसने दोस्तों से मिलना-जुलना भी बंद कर दिया था। दोस्तों के मुताबिक, वह करीब चार महीने से उनके संपर्क में भी नहीं था। परिवार के सदस्यों से भी उसने दूरी बना ली थी। यहां तक कि अरिहंत नगर में जिस मकान में वह रह रहा था, उसकी जानकारी भी पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं दी थी।
ये भी पढ़ें: सिंहस्थ में 40 हजार लोगों की डॉरमेट्री; 2000 बसें और 4,500 बिजली कनेक्शन होंगे, 2801.75 करोड़ के कार्यों को मंजूरी
नाबालिग को शराब पिलाकर बनाया साजिश का हिस्सा, संपत्ति का दिया लालच
इस हत्याकांड में 17 वर्षीय नाबालिग की भूमिका भी जांच के केंद्र में है। पुलिस के मुताबिक, हर्ष ने उसे शराब पिलाई और पिता के खिलाफ भड़काया। उसने नाबालिग से कहा था कि पिता उसे संपत्ति में हिस्सा नहीं दे रहे हैं। पिता की मौत के बाद पूरी संपत्ति उसके कब्जे में आ जाएगी।इतना ही नहीं, हर्ष ने नाबालिग को भी संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया था। इसी लालच के जरिए उसने उसे अपनी साजिश में शामिल किया। नाबालिग और आरोपी के दोस्तों से पूछताछ के दौरान पुलिस को साजिश की कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
ये भी पढ़ें: जीवन दुबे बने RSS के पिपरिया जिला संघ चालक, सोहागपुर से पहली बार किसी को मिली जिम्मेदारी
सबूत मिटाने के लिए नाबालिग को भी मारने का था इरादा!
जांच में सामने आया है कि हर्ष की साजिश यहीं खत्म नहीं होती थी। पुलिस के अनुसार, उसका इरादा था कि यदि एक-दो दिन तक पुलिस को पिता और बहन के शवों का पता नहीं चलता तो वह नाबालिग साथी को भी रास्ते से हटा देता। वह अपने खिलाफ साजिश से जुड़े हर सबूत और गवाह को खत्म करना चाहता था।
परिवार से बनाई दूरी, दोस्तों की चेतावनी को भी किया अनसुना
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले हर्ष ने खुद को परिवार और दोस्तों से अलग करना शुरू कर दिया था। उसने अपनी गतिविधियों और रहने के ठिकाने को भी गोपनीय रखा। दोस्तों ने कई बार उसे समझाया, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।फिलहाल एरोड्रम पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मोबाइल लोकेशन, संभावित ठिकानों और दूसरे राज्यों की पुलिस से मिल रहे इनपुट के आधार पर उसकी घेराबंदी की कोशिश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि दोस्तों और नाबालिग से पूछताछ में सामने आए तथ्यों से फरार आरोपी तक पहुंचने में मदद मिलेगी।




















