इंदौर में नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार! पान दुकान से 18 प्रतिबंधित ई-सिगरेट और 110 हुक्का फ्लेवर जब्त

इंदौर। शहर में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ विजय नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्कीम नंबर 54 स्थित बाफना टावर की न्यू पार्श्वनाथ पान शॉप पर दबिश देकर प्रतिबंधित ई-सिगरेट और हुक्का सामग्री का जखीरा बरामद किया। मौके से 18 प्रतिबंधित ई-सिगरेट, 110 हुक्का फ्लेवर पैकेट और हुक्का से जुड़े उपकरण जब्त किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली दंगा केस में उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को भेजा नोटिस
पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुकान पर प्रतिबंधित ई-सिगरेट और हुक्का सामग्री का अवैध रूप से कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस की टीम ने दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान संचालक संजीव जैन (55), पिता पूरनचंद जैन के कब्जे से अलग-अलग विदेशी ब्रांड की 18 ई-सिगरेट और 110 हुक्का फ्लेवर पैकेट मिले।
ये भी पढ़ें: टीवी की दुनिया में बदला पुरुष किरदारों का अंदाज, गौरव खन्ना ने बताई नई सोच की वजह
बेटे पर भी हो चुकी है कार्रवाई
जांच में सामने आया कि दुकान संचालक के बेटे के खिलाफ भी पहले प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद दुकान से अवैध कारोबार जारी रहने की बात सामने आई है। पुलिस ने जब्त सामग्री के आधार पर दुकान संचालक के विरुद्ध इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के तहत अपराध क्रमांक 1108/2026 दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में मिली 35 वर्षीय युवक की लाश, पीठ-गर्दन पर धारदार हथियार के निशान; सिर पर पत्थरों से हमला करने की आशंका
प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने पर कानूनी शिकंजा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अधिनियम की धारा 4/7 और 5/8 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विजय नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित ई-सिगरेट और नशे से जुड़ी सामग्री के अवैध कारोबार पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की सामग्री उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।




















