इंदौर:बस स्टॉप तोड़ते हुए थाने में घुसी कार, बड़ा हादसा टला

इंदौर के पलासिया चौराहे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने जमकर तबाही मचाई। रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच साकेत की ओर से आई एक सफेद कार ने पहले स्मार्ट सिटी के बस स्टॉप को जोरदार टक्कर मारी जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सीधे पलासिया थाने के अंदर जा घुसी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और थाने में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।
कार में चार युवक थे सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चार युवक सवार थे। हादसे के बाद जैसे ही कार रुकी सभी युवक तुरंत बाहर निकलकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार के दस्तावेजों की जांच की जिसमें पता चला कि वाहन रतलाम जिले के पिपलौदा निवासी महेश सुथार के नाम पर रजिस्टर्ड है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बस स्टॉप पर सो रहा युवक बाल-बाल बचा
हादसे के वक्त बस स्टॉप के पास एक युवक सो रहा था। कार की टक्कर के बावजूद वह बाल-बाल बच गया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
ये भी पढ़ें: इंदौर से अहमदाबाद जाने वाले इंडिगो की फ्लाइट रद्द: दिल्ली की फ्लाइट भी हुई कैंसिल, एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा!
दूसरी घटना में युवती ने कई वाहनों को मारी टक्कर
इसी रात शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक अन्य हादसा सामने आया। यहां एक युवती ने कार चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार त्रिवेणी कॉलोनी निवासी सौम्या राजपाल कार (MP-09-MY-1008) चला रही थी। वह टावर चौराहा से अग्रसेन चौराहा की ओर जा रही थी। अग्रवाल स्वीट्स के पास पहुंचते ही वह घबरा गई और नियंत्रण खो बैठी। कार ने पहले दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी और फिर अनिल हार्डवेयर की दुकान में जा घुसी। गनीमत रही कि उस समय दुकान बंद थी जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: एमपी के शिक्षकों को बड़ी राहत: जनगणना और चुनाव ड्यूटी पर मिलेगा अर्जित अवकाश, ई-अटेंडेंस रहेगी जरूरी
पुलिस कर रही जांच
दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।












