Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एयरपोर्ट के भीतर बिछा था गोल्ड स्मगलिंग का जाल,इंदौर का सर्राफा कारोबारी निकला सरगना

एरोब्रिज से कस्टम्स जांच बायपास कर बाहर पहुंचता था सोना, एयरलाइन कर्मचारी और कस्टम्स कर्मी समेत 5 गिरफ्तार, 1.44 करोड़ का 24 कैरेट सोना जब्त
एयरपोर्ट के भीतर बिछा था गोल्ड स्मगलिंग का जाल,इंदौर का सर्राफा कारोबारी निकला सरगना
फाइल फ़ोटो

इंदौर। इंदौर एयरपोर्ट पर पकड़ी गई करोड़ों रुपये की सोने की खेप ने एक संगठित तस्करी नेटवर्क की परतें खोल दी हैं। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरे रैकेट का संचालन इंदौर के एक सर्राफा कारोबारी के इशारों पर हो रहा था। उसने एयरपोर्ट के भीतर ऐसा नेटवर्क खड़ा कर लिया था, जो सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर विदेश से आने वाले सोने को बिना किसी जांच के बाहर पहुंचा देता था। सूत्रों के मुताबिक, शारजाह रूट बंद होने के बाद लगभग पांच महीने तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ठप रहने से यह नेटवर्क भी निष्क्रिय पड़ा रहा। लेकिन 15 जुलाई से इंदौर-अबू धाबी उड़ान दोबारा शुरू होते ही तस्करों ने अपने पुराने तंत्र को फिर सक्रिय कर दिया और सोने की खेपें मंगाने का सिलसिला शुरू हो गया।

संबंधित खबर: आबूधाबी-इंदौर फ्लाइट में गोल्ड तस्करी! यात्री से 1 किलो सोना बरामद, DRI ने एयरलाइंस कर्मचारियों से भी की पूछताछ

सूचना मिलते ही डीआरआई ने बिछाया जाल

एयरपोर्ट के भीतर कुछ कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका की जानकारी मिलने पर डीआरआई ने 3 अगस्त को एयरपोर्ट के बाहर गुप्त निगरानी शुरू की। इसी दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक वर्दीधारी कर्मचारी बाहर खड़ी कार तक पहुंचा और उसमें बैठे लोगों को एक पैकेट सौंप दिया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को रोक लिया।वाहन की तलाशी में ग्लव बॉक्स से चांदी जैसी परत चढ़े दो कड़े बरामद हुए। जांच में खुलासा हुआ कि वे वास्तव में 24 कैरेट शुद्ध सोने के कड़े थे, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.44 करोड़ रुपये है।

संबंधित खबर: एयरपोर्ट से सराफा तक सोने की तस्करी का सिंडिकेट बेनकाब: कस्टम कर्मचारी और ग्राउंड स्टाफ गिरफ्तार

ऐसे चकमा दी जाती थी सुरक्षा व्यवस्था

डीआरआई की जांच में तस्करी का पूरा तरीका भी सामने आया। अबू धाबी से आने वाले कैरियर विमान से उतरते ही कस्टम्स तक पहुंचने से पहले एरोब्रिज पर एयरलाइन कर्मचारी को सोना सौंप देते थे। इसके बाद कर्मचारी सर्विस सीढ़ियों से सीधे टारमैक पर उतर जाता और इमिग्रेशन व कस्टम्स की जांच से पूरी तरह बचते हुए सोना एयरपोर्ट के बाहर मौजूद गिरोह के सदस्यों तक पहुंचा देता था। इस तरह करोड़ों का सोना बिना किसी आधिकारिक जांच के एयरपोर्ट से बाहर निकाल लिया जाता था।

संबंधित खबर: इंदौर एयरपोर्ट पर यात्री से 2 करोड़ का सोना जब्त, एयर इंडिया एक्सप्रेस कर्मचारी समेत चार गिरफ्तार

कर चोरी कर बाजार तक पहुंचता था विदेशी सोना

जांच एजेंसी के अनुसार, गिरोह का सरगना यूएई से सोना मंगवाकर उस पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी और टैक्स से बचता था। बाद में इस सोने को स्थानीय स्तर पर प्रोसेस कर छोटे ज्वैलर्स और अन्य खरीदारों को सप्लाई किया जाता था।

संबंधित खबर: हवा में 300 फीट नीचे गिरा एयर इंडिया का विमान ! फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में मची चीख-पुकार, 14 घायल

पांच आरोपी सलाखों के पीछे, जांच जारी

इस मामले में डीआरआई ने एयरलाइन कर्मचारी, कस्टम्स विभाग के एक कर्मी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 1.02 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त किया गया। एजेंसी अब इस नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन, मास्टरमाइंड की भूमिका और उससे जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts