IndiGo Flight Fire: हवा में फ्लाइट के केबिन में लगी आग, पावर बैंक बना आफत; हैदराबाद में लैंडिंग

जरा सोचिए, आप हजारों फीट की ऊंचाई पर विमान में सफर कर रहे हों और सिर के ठीक ऊपर सामान रखने वाले केबिन से धुआं निकलने लगे। कुछ ऐसा ही रविवार को दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में हुआ। विमान के केबिन में रखे पावर बैंक में आग लगने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालात को देखते हुए फ्लाइट को चेन्नई के बजाय हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया।
केबिन से निकलने लगा धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 दिल्ली से चेन्नई जा रही थी। इसी दौरान विमान के केबिन में रखे पावर बैंक में आग लग गई। केबिन से धुआं निकलता देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई। जब सामान रखने वाले केबिन का कवर खोला गया, तो अंदर आग की लपटें दिखाई दीं। अचानक हुई इस घटना से विमान में मौजूद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
केबिन क्रू ने संभाला मोर्चा, हैदराबाद में उतारा विमान
आग लगने की जानकारी मिलते ही केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की। आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया। विमान को हैदराबाद में सुरक्षित उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं।
यात्री ने रिकॉर्ड किया आग का डरावना वीडियो
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे विमान में मौजूद एक यात्री ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया। वीडियो में केबिन के पास आग और धुएं के बीच यात्रियों को आग बुझाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। विमान के भीतर हुई इस घटना ने एक बार फिर उड़ान के दौरान पावर बैंक और लिथियम बैटरी वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




















