मां की दूसरी शादी से नाराज थे बेटे, रामपुर में सौतेले पिता की गोली मारकर हत्या; CCTV आया सामने

उत्तर प्रदेश के रामपुर में 30 वर्षीय व्यापारी नवजोत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में उनके सौतेले बेटे अवदीप और रिश्तेदार राजन दीप की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर दुकान में बैठे नवजोत पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो हमलावर दुकान में घुसकर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
दुकान में घुसकर व्यापारी पर की फायरिंग
घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे मिलक खानम थाना क्षेत्र की है। कुम्हरिया टाह गांव में नवजोत सिंह की ‘गिल वॉशिंग हब’ नाम से दुकान है। वह दुकान में एक अन्य व्यक्ति से बात कर रहे थे। इसी दौरान सिल्वर रंग की अल्टो कार दुकान के सामने आकर रुकी। कार से चेहरे पर कपड़ा बांधे दो युवक उतरे। इनमें से एक पिस्टल लेकर दुकान के अंदर पहुंचा, जबकि दूसरा भी हथियार लेकर आगे बढ़ा। हमलावरों को देखकर नवजोत ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान एक आरोपी ने उन पर गोली चला दी। इसके बाद दूसरा हमलावर पीछे से आया और फायरिंग करने लगा।
CCTV में कैद हुई वारदात
CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि हमलावर दुकान में घुसकर नवजोत पर गोलियां चलाते हैं। गोली लगने के बाद व्यापारी जमीन पर गिर जाते हैं। इसके बाद वह उठकर दुकान के अंदर जाने की कोशिश करते हैं, लेकिन फिर गिर पड़ते हैं। फुटेज के मुताबिक, दोनों हमलावर दोबारा गोली चलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन गोली नहीं चलती। इसके बाद वे कार में बैठकर मौके से फरार हो जाते हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नवजोत को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मां की दूसरी शादी से नाराज थे सौतेले बेटे
नवजोत सिंह के पिता निशान सिंह किसान हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि नवजोत की पहली शादी 2023 में नवजोत कौर से हुई थी। शादी के करीब दो महीने बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और नवजोत कौर मायके चली गईं। कुछ समय बाद मायके में उनकी मौत हो गई थी।
इसके बाद नवजोत सिंह ने करीब एक साल पहले 40 वर्षीय कमल कौर से प्रेम विवाह किया था। कमल कौर के पहले पति की करीब तीन साल पहले मौत हो गई थी। पहले पति से उनके दो बेटे अवदीप और जोगनगो हैं, जो न्यूजीलैंड में नौकरी करते हैं। निशान सिंह का आरोप है कि दोनों बेटे अपनी मां की दूसरी शादी से नाराज थे और नहीं चाहते थे कि वह दोबारा शादी करें। उनके मुताबिक, अवदीप पांच दिन पहले ही न्यूजीलैंड से भारत लौटा था। आरोप है कि उसने अपने फुफेरे भाई राजन दीप के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
सात लोगों के खिलाफ FIR, आरोपी फरार
एडिशनल एसपी अनुराग सिंह के मुताबिक, नवजोत सिंह की हत्या में उनके सौतेले बेटे अवदीप और फुफेरे भाई राजन दीप की भूमिका सामने आई है। दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। नवजोत के पिता निशान सिंह ने अवदीप, उसके भाई, राजन दीप समेत सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी बहू कमल कौर की सुरक्षा की मांग भी की है।
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि व्यापारी के परिजन शनिवार रात करीब 11 बजे तक थाने में मौजूद थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, नवजोत की हत्या की खबर मिलने के बाद कमल कौर का दूसरा बेटा जोगनगो भी न्यूजीलैंड से भारत के लिए रवाना हो गया है।




















