पीएम मोदी ने चेन्नई को दी सौगात, मेट्रो फेज-2 का किया उद्घाटन; सीएम विजय के साथ किया सफर

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की मौजूदगी में नई मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर भी किया। 14.6 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 11 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री अपने दौरे पर तमिलनाडु को 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। नवरात्रि के पहले दिन वह जलाकंडेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने मेट्रो में किया सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनामल्ली-वडापलानी रूट का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने नई मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर किया। इस दौरान मोदी ने टिकट खरीदा और टिकट काउंटर पर कर्मचारी से बातचीत भी की।
ये भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा प्रस्ताव! UP में बढ़ेगी बुजुर्गों और महिलाओं की पेंशन, इनको भी मिलेगा फायदा
करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत
चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण के कॉरिडोर चार के तहत तैयार इस रूट की लंबाई करीब 14.6 किलोमीटर है। इस पर कुल 11 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। परियोजना से चेन्नई के तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों और शहर के केंद्र के बीच यात्रा आसान होने की उम्मीद है।
डबल डेकर स्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीक
इस कॉरिडोर में करीब 3.7 किलोमीटर लंबा डबल डेकर स्ट्रक्चर बनाया गया है। मेट्रो में ड्राइवरलेस ऑपरेशन को सपोर्ट करने के लिए आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम भी लगाया गया है। इससे यात्रियों का सफर आसान होने और रोजाना यात्रा में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है।
रविवार शाम से शुरू हुई नियमित सेवा
चेन्नई मेट्रो रेल के मुताबिक, रविवार को नियमित सेवाएं शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक दोनों दिशाओं में चलेंगी। 12 अक्टूबर से ट्रेनें सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। आखिरी ट्रेन पूनामल्ली बाईपास और वडापलानी टर्मिनल से रात 9 बजे रवाना होगी।
इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी मेट्रो
नई लाइन के स्टेशनों में पूनामल्ली बाईपास, पूनामल्ली बस स्टैंड, पूनामल्ली सरकारी अस्पताल, करायनचावडी, कुमाननचावडी, कट्टुपक्कम, अय्यप्पनथांगल, थेल्लियारगरम, पोरुर बाईपास, पोरुर जंक्शन और वडापलानी शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु दौरे पर 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और नवरात्रि के पहले दिन जलाकंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।




















