सतना में धर्मांतरण की सूचना पर विहिप-बजरंग दल ने घेरा मकान, पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया

सतना। शहर के चांदमारी रोड स्थित धवारी क्षेत्र में रविवार सुबह कथित धर्मांतरण को लेकर जमकर बवाल हो गया। रामनरेश चौधरी नामक व्यक्ति के मकान में धर्मांतरण की सभा चलने की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। तलाशी के दौरान पुलिस को मकान के भीतर करीब 50 महिला और पुरुष मौजूद मिले। माहौल गरमाता देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 6 से 7 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई।
ये भी पढ़ें: सतना के ध्रुव प्रताप सिंह का जलवा, किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
नौकरी और पैसाें का प्रलोभन
बजरंग दल के जिला संयोजक ऋषभ शुक्ला ने आरोप लगाया कि मकान के भीतर लोगों को नौकरी और पैसों का प्रलोभन देकर तथा डरा-धमकाकर धर्मांतरण कराने का खेल चल रहा था। पुख्ता सूचना मिलने के बाद ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचित किया और मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। इधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों और मकान में मौजूद अन्य नागरिकों से पूछताछ की जा रही है। आसपास के स्थानीय रहवासियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है; जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: सतना में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, किराना दुकान से शराब बरामद; संचालक फरार




















