लखनऊ कांग्रेस मुख्यालय में घमासान, अजय राय-ममता चौधरी के समर्थक भिड़े

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय में उस समय हंगामा हो गया, जब पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा और मारपीट हुई। इस दौरान जूते लेकर विरोध जताने और जूता फेंके जाने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद अजय राय ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिकायत कर ममता चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
'कौन अध्यक्ष?' सवाल पर बढ़ा विवाद
कांग्रेस मुख्यालय में यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ के बीच अजय राय के समर्थकों ने रास्ता देने के लिए कहा, ताकि अध्यक्ष जी निकल सकें। इस पर ममता चौधरी की ओर से कथित तौर पर पूछा गया, 'कौन अध्यक्ष?' इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
समर्थकों ने हाथों में जूते लेकर जताया विरोध
विवाद के दौरान अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने झगड़े और मारपीट होने की बात कही है। इस दौरान अजय राय के समर्थक हाथों में जूते लेकर विरोध जताते दिखाई दिए। जूता फेंके जाने की बात भी सामने आई है। घटना से कांग्रेस मुख्यालय में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह विवाद ऐसे समय हुआ, जब पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था।
अजय राय ने वरिष्ठ नेताओं से की शिकायत
घटना के बाद अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की। अजय राय ने कहा कि इस तरह की घटनाएं पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने मांग की कि ममता चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उन्हें पार्टी से बाहर किया जाए। अजय राय के मुताबिक, उन्हें मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल, इस घटनाक्रम ने यूपी कांग्रेस के भीतर गुटों के बीच मतभेद को चर्चा में ला दिया है।




















