छत्तीसगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी, घर में मिला टीचर मां का शव; सड़क किनारे पड़ा था बेटे का शव

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में महिला टीचर और उसके 18 वर्षीय बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह युवक का शव जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में सड़क किनारे मिला था। उसकी पहचान होने के बाद पुलिस जब देर शाम उसके घर पहुंची, तो वहां ताला लगा मिला। घर का ताला तोड़कर अंदर जाने पर महिला का शव बाथरूम में मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं।
सड़क किनारे मिला 12वीं के छात्र का शव
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। शुरुआती आशंका थी कि युवक की हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंका गया है। पहचान नहीं होने के कारण शव को विश्रामपुर की मॉर्च्युरी में भेज दिया गया। बाद में मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेट (18) के रूप में हुई।
घर पहुंची पुलिस तो मिला मां का शव
सुजल की पहचान होने के बाद पुलिस को पता चला कि उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी है। इसके बाद पुलिस देर शाम उसके घर पहुंची, जहां मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। सुजल की मां रजनी बरेट का भी कोई पता नहीं चल रहा था।
पुलिस ने सुजल के परिचितों को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में रजनी बरेट (40) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इसके बाद पुलिस ने दोनों की मौत के मामले में जांच शुरू की।
पांच साल पहले पति से हुआ था तलाक
रजनी बरेट बेलटिकरी के शासकीय स्कूल में शिक्षिका थीं। जानकारी के मुताबिक, करीब पांच साल पहले पति से तलाक होने के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ किराए के मकान में रहती थीं। मां-बेटे की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया, ताकि वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें।
धारदार हथियार से हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मां-बेटे की हत्या में किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। हालांकि, हत्या कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या घर में की गई, जबकि उसके बेटे को किसी दूसरी जगह ले जाकर मारा गया। फिलहाल, इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। रविवार सुबह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। टीम जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। इसके साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल, जयनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मां-बेटे की हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।




















