रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपती की हत्या, मां की मौत का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम

रायपुर। मृतकों की पहचान सदाशी साहू (65) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62) के रूप में हुई है। आरोपी को शक था कि एक साल पहले उसकी मां की मौत जादू-टोने के कारण हुई थी। वारदात के बाद वह महिला के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने हथियार, कपड़े और जेवर बरामद कर मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी हैं।
घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 11:30 बजे आरोपी घर की छत के रास्ते उनके घर पहुंचा। उसने पहले दूसरे कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, फिर आसबती साहू के सिर, चेहरे और गले पर हमला किया।
ये भी पढ़ें: मैहर जा रहे कानपुर के श्रद्धालुओं की बोलेरो नदी में गिरी, 2 की मौत और 4 घायल; ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा
जादू-टोने के शक में हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि करीब एक साल पहले उसकी मां की मौत के पीछे बुजुर्ग दंपती का जादू-टोना था। इसी शक के चलते उसने दोनों की हत्या कर दी। वारदात के दौरान उसने महिला के सीने और पेट पर भी हंसिया से वार किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जेवर लेकर फरार हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी महिला के शरीर से चांदी का कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने के जेवर निकालकर ले गया। वह घर में रखी अंगूठी, बिछिया और सिक्के भी लेकर फरार हो गया। उसने खून लगे हथियार नाली में धोकर सफेद बोरी में रखे और तामासिवनी रोड किनारे झाड़ियों में छिपा दिए।
सरपंच की सूचना पर पहुंची पुलिस
गांव के सरपंच ने पुलिस को घर में पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना दी। पुलिस को दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले। इसके बाद डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई और जरूरी सबूत जुटाए गए।
पुलिस ने हथियार और जेवर किए बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बुजुर्ग दंपती किसान थे और करीब 10 एकड़ जमीन पर खेती करते थे। उनके दो बेटे रायपुर में काम करते हैं, जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।




















