Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पुणे के लिए नई फ्लाइट सुविधा शुरू : सांसद आलोक शर्मा ने यात्रियों का किया स्वागत, देर रात भोपाल पहुंची पहली शेड्यूल नाइट उड़ान

Follow on Google News
पुणे के लिए नई फ्लाइट सुविधा शुरू : सांसद आलोक शर्मा ने यात्रियों का किया स्वागत, देर रात भोपाल पहुंची पहली शेड्यूल नाइट उड़ान
संत हिरदाराम नगर, भोपाल। राजाभोज एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात पहली बार शेड्यूल की नाइट फ्लाइट लैंड हुई। इंडिगो की पुणे फ्लाइट रात 3:10 बजे करीब 157 यात्रियों को लेकर पहुंची। सांसद आलोक शर्मा ने एयरपोर्ट पर यात्रियों का स्वागत किया। वहीं 77 यात्री पुणे रवाना हुए। इसके साथ ही अब भोपाल से 17 उड़ानें हो गई हैं। एक अक्टूबर से एयरपोर्ट 24 घंटे खुलने लगा है। यह सुविधा शुरू होते ही इंडिगो ने सबसे पहले पुणे फ्लाइट का नाइट स्लॉट लिया था। पहले दिन करीब 234 यात्रियों का आवागमन पुणे-भोपाल के बीच हुआ, जबकि दिवाली के चलते किराया तीन से चार गुना अधिक था। एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि भोपाल को नाइट में पहली पुणे उड़ान की सुविधा मिलना बड़ी सौगात है। आगे से और भी कंपनियां रात के समय उड़ान शुरू करेंगी।

सांसद आलोक शर्मा ने किया यात्रियों का स्वागत

पुणे से फ्लाइट रात 2:40 बजे भोपाल पहुंची। यहां सांसद शर्मा ने गुलाब का फूल और बोर्डिंग पास देकर यात्रियों का स्वागत किया। कई यात्रियों ने सांसद शर्मा के साथ सेल्फी ली। उल्लेखनीय है कि सांसद बनने के बाद से ही सांसद आलोक शर्मा भोपाल से अन्य बड़े शहरों के लिए फ्लाइट्स और ट्रेनों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। पिछले दिनों उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन रेड्डी से मुलाकात कर उन्हें भोपाल से पुणे और भोपाल से कोलकाता के लिए नई फ्लाइट्स चलाने हेतु पत्र सौंपा था। जिसमें उन्होंने लिखा था कि पुणे में भोपाल और आसपास के हजारों युवा अध्ययनरत या फिर जॉब करते हैं। उन्हें और उनके परिजनों को आवागमन में असुविधा होती है। ट्रेनों में कई बार रिजर्वेशन नहीं मिल पाता है। ऐसे में इस सेक्टर पर नई फ्लाइट की शुरुआत की जाए। भोपाल से इसकी अधिक डिमांड है। सांसद शर्मा के आग्रह पर केंद्रीय विमानन मंत्री ने निर्देश दिए और विमानन कंपनियों से नए शेड्यूल लेने पर चर्चा हुई। इसके उपरांत भोपाल से यात्रियों की सुविधा के लिए इंडिगो एयरलाइंस ने फ्लाइट शुरू की है। सांसद शर्मा ने बताया कि इसी तरह अगले महीने से कोलकाता जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए कोलकाता की नई फ्लाइट भी शुरू हो जाएगी। भोपाल से दतिया और नीमच के लिए भी एयरलाइंस कंपनियों ने विंटर सीजन में शेड्यूल लिए हैं। हमारा प्रयास है कि राजधानी भोपाल से अन्य शहरों के लिए ज्यादा से ज्यादा एयर कनेक्टिविटी बड़े जिससे लोगों को आवागमन की सुलभ सुविधा मिल सके।

इंडिगो की दिल्ली, बेंगलुरु उड़ान का समय बदला

इधर, शनिवार को विंटर शेड्यूल जारी कर दिया गया। यह 27 अक्टूबर से लागू होगा। इसके अनुसार, इंडिगो की दिल्ली की तीन और बेंगलुरु की शाम की उड़ान का समय बदल गया है। अभी तक बेंगलुरु की शाम वाली उड़ान 9:25 बजे भोपाल आकर 10:10 बजे रवाना होती थी। अब रात 8:05 बजे आकर 8:45 बजे रवाना होगी। वहीं इंडिगो की सुबह वाली दिल्ली उड़ान 7:15 बजे आकर 7:50 बजे रवाना होती थी। अब 8:25 बजे आएगी और 8:55 बजे रवाना होगी। शाम वाली दिल्ली उड़ान 4:30 बजे आकर 5 बजे रवाना होती थी, अब दोपहर 12:35 बजे आकर 1 बजे रवाना होगी। रात वाली दिल्ली उड़ान 8:55 बजे आकर 9:25 बजे रवाना होती थी, अब रात 9:20 बजे आएगी और 10 बजे रवाना होगी।

भोपाल-पुणे फ्लाइट का शेड्यूल

फ्लाइट नंबर प्रस्थान आगमन दिन
6ई-258 पुणे रात 1:40 भोपाल रात 3:10 रोजाना
6ई-257 भोपाल रात 3:40 पुणे सुबह 5:15 रोजाना
ये भी पढ़ें- प्रदेश में एक लाख से ज्यादा ई-कार्ड पेंडिंग, लोग परेशान
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts