Women's Junior Asia Cup: भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में मारी धमाकेदार एंट्री

भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि पाकिस्तान की टीम पूरे मुकाबले में संभल ही नहीं पाई। भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और कुछ ही मिनटों में पाकिस्तान पर दबाव बना दिया।
भारत की टीम ने पूरे मुकाबले में लगातार हमले किए। पाकिस्तान की खिलाड़ी भारतीय हमलों को रोकने की कोशिश करती रहीं, लेकिन टीम इंडिया की रफ्तार और गोल करने की क्षमता के सामने उनकी एक नहीं चली। पहले हाफ में ही भारत ने 10 गोल कर दिए थे। इसके बाद दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने हमले जारी रखे और नौ और गोल दागकर मुकाबला 19-0 से अपने नाम कर लिया।
सातवें मिनट में खुला गोल का खाता
भारत ने मैच के सातवें मिनट में पहला गोल किया। पूजा साहू ने शानदार फिनिश के साथ टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके सिर्फ दो मिनट बाद रोशनी ऐंद ने गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान को संभलने का मौका नहीं दिया। 11वें मिनट में तनुश्री दिनेश कडू ने गोल किया। इसके ठीक दो मिनट बाद सुखवीर कौर ने भारत के लिए चौथा गोल दाग दिया। इसी मिनट सानिका चंद्रकांत माने ने भी गोल करते हुए स्कोर को और बड़ा कर दिया। भारतीय टीम लगातार पाकिस्तान के सर्किल में दबाव बना रही थी। एक के बाद एक गोल होने से पाकिस्तान की टीम पूरी तरह बैकफुट पर चली गई।
Raipur: IPL की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में पहली हॉकी लीग, 6 टीमें भिड़ेंगी, स्थापना दिवस पर होगा फाइनल
पहले हाफ में ही भारत ने कर दिए 10 गोल
भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक खेल यहीं नहीं रुका। 16वें मिनट में मधु सिदार ने गोल किया, जबकि 18वें मिनट में गीता यादव ने भारत की बढ़त को और मजबूत कर दिया। इसके बाद सानिका माने ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। 25वें मिनट में तनुजा टोप्पो ने भी गोल किया। इसके बाद 27वें मिनट में पूजा मलिक ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर भारत का स्कोर बढ़ाया। पहले हाफ के खत्म होने तक भारतीय टीम 10-0 की बड़ी बढ़त बना चुकी थी। पाकिस्तान के लिए मुकाबले में वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी।
दूसरे हाफ में भी जारी रही गोलों की बारिश
ब्रेक के बाद उम्मीद थी कि पाकिस्तान अपनी रणनीति बदलेगा, लेकिन भारतीय टीम का दबाव कम नहीं हुआ। भारत ने दूसरे हाफ में भी लगातार हमले किए और पाकिस्तान के डिफेंस को लगातार परेशान किया। 33वें मिनट में पूर्णिमा यादव ने गोल किया। इसके बाद 39वें मिनट में मधु सिदार ने अपना दूसरा गोल दागा। 40वें मिनट में सुप्रिया ने गोल कर भारत की बढ़त को और बड़ा कर दिया। इसके बाद पूजा मलिक का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने 49वें और 51वें मिनट में लगातार दो गोल किए और अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। इसी दौरान कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में गोल किया। 54वें मिनट में सुप्रिया ने अपना दूसरा गोल किया, जबकि 55वें मिनट में बिनिमा धन ने भी गोल कर दिया। मैच के आखिरी समय में रोशनी ऐंद ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत के खाते में 19वां गोल जोड़ दिया।
हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया, 16 साल बाद महामुकाबले में फिर मिली जीत
पूजा मलिक ने लगाई हैट्रिक
इस मुकाबले में भारत की ओर से पूजा मलिक सबसे खास खिलाड़ियों में रहीं। उन्होंने तीन गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। वहीं सानिका माने और मधु सिदार ने दो-दो गोल किए। सुप्रिया ने भी दो गोल किए, जबकि रोशनी ऐंद ने दो बार गोल पोस्ट का रास्ता दिखाया। भारतीय टीम के लगभग हर हमले में पाकिस्तान के लिए खतरा नजर आया।
सेमीफाइनल में अब किससे होगा मुकाबला?
इस जीत के साथ भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इससे पहले भारत ने जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया के खिलाफ लगातार जीत दर्ज कर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था। नॉकआउट मुकाबले से पहले भारत का चीन के खिलाफ मैच गोलरहित ड्रॉ रहा था। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में टीम ने उस मुकाबले की पूरी भरपाई कर दी और 19 गोल दागकर शानदार वापसी की। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। भारतीय टीम की नजर अब सिर्फ सेमीफाइनल जीतने पर नहीं, बल्कि 2023 के बाद लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने पर भी है।
भारत की नजर अब खिताब पर
गत चैंपियन भारत ने 19-0 की इस बड़ी जीत के साथ साफ कर दिया है कि वह इस बार भी खिताब की मजबूत दावेदार है। पाकिस्तान के खिलाफ पूरे मुकाबले में टीम इंडिया का दबदबा रहा और खिलाड़ियों ने आक्रामक हॉकी का शानदार प्रदर्शन किया।



















