Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

84 घाट डूबे, 17 राज्यों में अलर्ट! वाराणसी से दिल्ली तक मौसम का डबल अटैक

देश के कई हिस्सों में मानसून फिर तेज हो गया है। वाराणसी के सभी घाट पानी में डूब चुके हैं, जबकि बिहार और उत्तर प्रदेश में नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। दिल्ली में अगस्त की सामान्य बारिश का आंकड़ा पार हो गया है। मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
Follow on Google News
84 घाट डूबे, 17 राज्यों में अलर्ट! वाराणसी से दिल्ली तक मौसम का डबल अटैक
बदला मौसम का मिजाज

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं और वाराणसी के घाटों पर पानी पहुंच गया है। बिहार में भी गंगा का जलस्तर कई जगह खतरे के निशान के ऊपर है। दिल्ली में अगस्त के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। दूसरी ओर राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ी है। मध्य प्रदेश में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिसके कारण भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है।

X Post

वाराणसी में डूबे सभी 84 घाट

वाराणसी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को पानी 68.74 मीटर तक पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक जलस्तर करीब 20 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। इसके चलते सभी 84 घाट पानी में डूब गए हैं। मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार अब छत पर किया जा रहा है। वहीं दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती भी छत से कराई जा रही है। बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन ने गंगा में नाव चलाने पर रोक लगा दी है।

ये भी पढ़ें: रामगढ़ स्पंज आयरन फैक्ट्री में अचानक जोरदार ब्लास्ट, आग में जिंदा जले 3 इंजीनियर; एक मजदूर गंभीर

बिहार में गंगा खतरे के निशान से ऊपर

बिहार में भी लगातार बारिश और बढ़ते नदी के पानी ने चिंता बढ़ा दी है। पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। शनिवार को राज्य के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। बेगूसराय के मुंगेर घाट पर पानी बढ़ने से अंतिम संस्कार करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली में अगस्त की सामान्य बारिश का रिकॉर्ड टूटा

दिल्ली में शुक्रवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर 1 से 21 अगस्त के बीच 235.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अगस्त में सामान्य बारिश 233.1 मिलीमीटर मानी जाती है। यानी इस महीने का सामान्य आंकड़ा अगस्त खत्म होने से पहले ही पार हो चुका है। मौसम विभाग ने वीकेंड के दौरान भी दिल्ली में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।

MP में कई सिस्टम एक्टिव, भारी बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश में एक साथ तीन मौसम सिस्टम सक्रिय बताए जा रहे हैं। रीवा-सीधी के पास लो प्रेशर एरिया, मानसून ट्रफ और दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसके असर से प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना है, जबकि कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में भी बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है।

राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून, गर्मी बढ़ी

राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बारिश कम होने के कारण कई इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ रही है। श्रीगंगानगर में तापमान 39.9 डिग्री और चूरू में 39 डिग्री तक पहुंच गया, पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। यानी प्रदेश में मौसम का असर हर इलाके में अलग-अलग देखने को मिल रहा है।

ये भी पढ़ें: शिफ्ट बदलते ही फार्मा प्लांट में धमाका! तेलंगाना की फार्मा यूनिट में रिएक्टर फटा, 2 की मौत, 9 झुलसे

उत्तराखंड में सड़क धंसी, पहाड़ों पर खतरा

उत्तराखंड के मसूरी-देहरादून रोड पर लैंडस्लाइड के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इससे रास्ते पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई। PWD की टीम सड़क को ठीक करने में जुटी है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान लैंडस्लाइड को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

17 राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और असम में बारिश और आंधी की चेतावनी दी है। आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। ऐसे में नदियों के आसपास रहने वाले लोगों और पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने वालों को मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी जाती है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

Latest Posts