Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IND VS SL: भारत की लगातार 7वीं जीत, 302 रनों से श्रीलंका को रौंदा, शमी के "पंजे" की मदद से केवल 55 रन पर सिमटी लंका

Follow on Google News
IND VS SL: भारत की लगातार 7वीं जीत, 302 रनों से श्रीलंका को रौंदा, शमी के "पंजे" की मदद से केवल 55 रन पर सिमटी लंका
मुंबई - भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना जय अभियान जारी रखते हुए श्रीलंका को 302 रनों के अंतर से रौंद दिया।  वानखेड़े स्टेडियम पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लंकाई टीम को भारी पड़ गया। भारतीय बल्लेबाजों ने पहले श्रीलंकन गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 357 रनों का भारी-भरकम स्कोर खड़ा कर दिया। इसके जवाब में 358 रन के विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को महज 55 रनों पर समेट दिया। भारत की इस जीत के शिल्पकार रहे मोहम्मद शमी जिन्होंने केवल 18 रन देकर पांच खिलाडि़यों को वापस पवैलियन भेजा। लंका की पूरी पारी केवल 19.4 ओवर में ही सिमट गई।  

ऐसे हुआ लंकाई टीम का पतन

भारतीय टीम द्वारा दिए गए 358 रनों के टारगेट का पीछा कर रही लंका की टीम को पहले ओवर की पहली गेंद से ही झटके लगना शुरू हो गए। निसंका पहली ही गेंद पर बगैर खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद 2 रन के स्कोर पर करूणारत्ने और समरविक्रमा भी चलते बने। इसके बाद 3 रन पर चौथा और 14 रन पर पांचवा और छठा विकेट गिरा। विकेटों के इस पतझड़ से पड़ोसी टीम की हार तय हो गई। शुरूआती दौर में बुमराह और सिराज और उसके बाद मोहम्मद शमी कहर बनकर बल्लेबाजों पर बरसे। शमी ने एक बार फिर पांच विकेट लेते हुए लंका टीम की कमर तोड़ दी। उन्होंने 18 रन देकर 5 विकेट लिए। सिराज ने भी 16 रन देकर 3 विकेट लिए। श्रीलंका के 5 खिलाड़ी तो अपना खाता तक नहीं खोल पाए।  

एशिया कप में भी 50 पर ऑलआउट हुई थी श्रीलंका

इससे पहले सितंबर महीने में हुए एशिया कप के फाइनल में भी लंका की टीम को भारत ने एकतरफा मुकाबले में हराया था। उस मुकाबले में भी श्रीलंका केवल 50 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी और भारत ने केवल 6.1 ओवर में टारगेट के लिए जरूरी रन बनाकर 10 विकेट से जीत हासिल की थी। आज के मैच में जीत हासिल कर टीम इंडिया एक बार फिर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। अब भारत सेमी फाइनल में पहुंच गई है और श्रीलंका इस रेस से बाहर हो गई है।  भारत के इस जीत के साथ 7 मैचों में 14 अंक हो गए हैं।  

मिला था 358 रनों का टारगेट

टीम इंडिया ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर कुल 357 रन बनाए। अंत में रविंद्र जडेजा ने तेजतर्रार पारी खेलते हुए केवल 24 गेदों पर 35 रन बनाए। जडेजा की पारी से टीम इंडिया ने 350 रनों का आंकड़ा पार किया। पारी की अंतिम गेंद पर जडेजा रन आउट हुए। लंका की तरफ से दिलशान मदुशंका ने 10 ओवर में 80 रन देकर 5 विकेट लिए।

टीम इंडिया को छठा झटका

भारतीय टीम का स्कोर 333/6 हो गया है।  केवल 56 गेदों पर 82 रन बनाकर आउट हो गए श्रेयस अय्यर। उन्हें मदुशंका की गेंद पर तीक्षणा ने लपका। अय्यर ने अपनी पारी में 6 छक्के और 3 चौके लगाए।

टीम इंडिया का स्कोर 300 के पार

टीम इंडिया का स्कोर 300 रनों पर गया। 45 वें ओवर में टीम इंडिया ने 300 रनों का आंकड़ा पार किया। फिलहाल श्रेयस और रविंद्र जडेजा क्रीज पर हैं और अंत में दोनों से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की उम्मीद है। 45 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 5 विकेट पर 304 रन  

36 गेंदों में श्रेयस अय्यर की फिफ्टी

श्रेयस अय्यर ने अपना एक औऱ अर्धशतक पूरा किया। अय्यर में मुश्किल परिस्थितियों में जोरदार पारी खेलते हुए टीम इंडिया के लिए केवल 36 गेदों में फिफ्टी बनाई।  42 ओवर के बाद टीम का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 288 रन  

सूर्या आउट, भारत का पांचवा झटका

सूर्य कुमार यादव महज 12 रन(9 गेंद) बनाकर आउट हो गए। भारत का स्कोर 276 रन पर पांच विकेट।  स्लो बाउंसर को पुल करने के प्रयास में सूर्या विकेट के पीछे लपक लिए गए। डीआरएस में पता चला कि गेंद उनके ग्लब्ज को छूकर निकली थी।  

चौथा विकेट गिरा, सूर्या क्रीज पर

कोहली और गिल के शतक चूकने के बाद अय्यर और राहुल ने टीम इंडिया को कुछ हद तक संभाला। 40 वें ओवर में केएल राहुल 21 रन बनाकर आउट हो गए। भारतीय़ टीम ने 256 के स्कोर पर चौथा विकेट गंवाया। अय्यर का साथ देने के लिए विस्फोटक बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव आए। उन्होंने आते ही चौका लगाकर पारी की शुरूआत की।  40 ओवर के बीद टीम इंडिया स्कोर  4 विकेट के नुकसान पर 266 रन हो गया है।  

कोहली भी शतक से चूके

टीम इंडिया को तीसरा और तगड़ा झटका लगा है। विराट कोहली 88 रन बनाकर आउट हो गए हैं। कोहली को दिलशान मदुशंका ने आउट किया। कोहली का कैच पथुम निसंका ने लपका। कोहली ने 94 गेंदों की पारी में 11 चौके लगाए। भारत का स्कोर 31.3 ओवरों में 3 विकेट पर 196 रन है।

शतक से चूके शुभमन गिल

भारत को दूसरा झटका लगा है। शुभमन गिल 92 रन बनाकर चलते बने हैं। गिल को दिलशान मदुशंका ने कुसल मेंडिस के हाथों कैच आउट कराया। गिल ने 92 गेंदों की पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। 30 ओवर्स के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 193 रन है।

भारत का स्कोर 150 के पार

भारत के 150 रन पूरे हो चुके हैं। 25.1 ओवर्स में भारत का स्कोर एक विकेट पर 155 रन है। विराट कोहली 77 और शुभमन गिल 65 रन पर खेल रहे हैं।

शुभमन गिल की भी फिफ्टी

विराट कोहली के बाद शुभमन गिल ने भी 55 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली है। जिसमें 8 चौके शामिल रहे। यह उनके वनडे करियर का 11वां अर्धशतक रहा। दोनों के बीच अब तक 110 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर 1 विकेट पर 119 रन है। विराट 53 रन और शुभमन गिल 53 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

कोहली ने जड़ी 70वीं फिफ्टी, स्कोर 100 के पार

विराट कोहली ने 50 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 70वां अर्धशतक रहा। इसी के साथ दोनों ने भारत का स्कोर 100 रन के पार भी पहुंचा दिया है। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 106 रन है। विराट 52 और शुभमन 40 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 102 रन की साझेदारी भी हो चुकी है।

भारत का स्कोर 50 के पार

9.2 ओवरों में भारत का स्कोर 1 विकेट पर 59 रन है। विराट 27 और गिल 22 रन पर खेल रहे हैं। गिल-विराट के बीच 55 रनों की साझेदारी हुई है।

कोहली-गिल का कैच छूटा

पांचवें ओवर में दिलशान मदुशंका की गेंद पर शुभमन गिल का कैच छूटा था। चरिथ असलंका कैच नहीं ले सके। तब शुभमन 8 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद छठे ओवर की पहली गेंद पर दुष्मंथा चमीरा ने अपनी ही गेंद पर कोहली का कैच छोड़ दिया। उस वक्त कोहली 10 रन बना सके थे। 7 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट गंवाकर 42 रन है।

रोहित शर्मा क्लीन बोल्ड

भारत को पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर बड़ा झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने रोहित शर्मा को क्लीन बोल्ड कर दिया। रोहित ने पहली गेंद पर चौका लगाया था। रोहित ने दो गेंदों पर चार रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओपनिंग मैच के बाद यह पहली बार है जब रोहित सस्ते में निपट गए हैं।

श्रीलंका ने टॉस जीत गेंदबाजी चुनी

श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया है। श्रीलंका ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। धनंजय डिसिल्वा की जगह दुशान हेमंथा आज मुकाबला खेल रहे हैं। वहीं भारत ने कोई बदलाव नहीं किया है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज। श्रीलंका : कुसल मेंडिस (कप्तान और विकेटकीपर), पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, एंजलो मैथ्यूज, दुषन हेमंथ, महीश तीक्षणा, कसुन रजिथा, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका।

श्रीलंका ने टॉस जीत गेंदबाजी चुनी

श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया है। श्रीलंका ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। धनंजय डिसिल्वा की जगह दुशान हेमंथा आज मुकाबला खेल रहे हैं। वहीं भारत ने कोई बदलाव नहीं किया है।

12 साल पहले श्रीलंका को हराकर जीता था खिताब

भारत-श्रीलंका के बीच यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत ने 12 साल पहले इसी मैदान पर श्रीलंका को फाइनल मैच में हराकर खिताब जीता था। टीम इंडिया महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियन बनी थी। श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट के नुकसान के साथ 274 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने सिर्फ 4 विकेट गंवाकर मैच जीत लिया था। भारत के लिए गौतम गंभीर ने 97 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद 91 रन बनाए थे। धोनी ने 79 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्के लगाए थे। वर्ल्ड कप 2011 के फाइनल में दोनों टीमें बराबर की थीं। वहीं इस बार तीसरे खिताब की ओर बढ़ रही भारतीय टीम जोरदार फॉर्म में है, लेकिन श्रीलंका सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने की कगार पर है।

वर्ल्ड कप में हेड-टू-हेड रिकार्ड

वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मैच खेले गए हैं। दोनों का पलड़ा बराबरी पर है। भारत और श्रीलंका ने 4-4 मैच जीते हैं। जबकि, एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। श्रीलंका ने 1979, 1996 (दो बार) और 2007 में जीत हासिल की है। भारत को 1999, 2003, 2011 और 2019 में जीत मिली है। भारत और श्रीलंका के बीच आखिरी वनडे 17 सितंबर 2023 को खेला गया था। वो एशिया कप का फाइनल मैच था। जिसमें भारत 10 विकेट से जीता था।

भारतीय टीम का वर्ल्ड कप शेड्यूल

  • 8 अक्टूबर vs ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई (टीम इंडिया 6 विकेट से जीती)
  • 11 अक्टूबर vs अफगानिस्तान, दिल्ली (टीम इंडिया 8 विकेट से जीती)
  • 14 अक्टूबर vs पाकिस्तान, अहमदाबाद (टीम इंडिया 7 विकेट से जीती)
  • 19 अक्टूबर vs बांग्लादेश, पुणे (टीम इंडिया 7 विकेट से जीती)
  • 22 अक्टूबर vs न्यूजीलैंड, धर्मशाला (टीम इंडिया 4 विकेट से जीती)
  • 29 अक्टूबर vs इंग्लैंड, लखनऊ (टीम इंडिया 100 रनों से से जीती)
  • 2 नवंबर vs श्रीलंका, मुंबई
  • 5 नवंबर vs साउथ अफ्रीका, कोलकाता
  • 12 नवंबर vs नीदरलैंड्स, बेंगलुरु
खेल से जुड़ी अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts