मैहर में तेंदुए का आतंक: झोपड़ी में घुसकर 6 बकरियां मारीं, बच्चे पर भी किया हमला

मैहर। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग गया, जिससे उसकी जान बच गई। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
झोपड़ी में घुसकर छह मवेशियों को मार डाला
जानकारी के अनुसार, सहिलरा नई बस्ती निवासी कमलेश कोल की झोपड़ी में रात करीब ढाई बजे तेंदुआ घुस आया। उस समय आसपास सन्नाटा था और झोपड़ी में बंधी पांच बकरियों और एक मेमने पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे सभी छह मवेशियों की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: गेट खोलने में देरी पर जीजा ने पत्थर की पटिया से की साले की हत्या, 4 घंटे में गिरफ्तार
सुबह मौके पर जमा हुई ग्रामीणों की भीड़
सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। झोपड़ी में मवेशियों के शव देखकर परिवार के लोग भी सदमे में हैं।
बच्चे पर भी किया हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान
इसी रात तेंदुए ने गांव के एक बच्चे को भी निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से बच्चा घबरा गया, लेकिन उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर तेंदुए को खदेड़ दिया।
मां शारदा मंदिर की पहाड़ियों में बनी हुई है आवाजाही
ग्रामीणों के मुताबिक, मां शारदा मंदिर के पास स्थित पहाड़ियों में पिछले कई महीनों से तेंदुए की आवाजाही बनी हुई है। अब उसका आबादी क्षेत्र में पहुंचकर मवेशियों और लोगों पर हमला करना चिंता का विषय बन गया है।
वन विभाग से गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग
लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।




















