भारत में होगी पहली महिला ICC चैंपियंस ट्रॉफी, आईसीसी ने वेन्यू और तारीख का किया एलान, श्रीलंका रह गया खाली हाथ

ICC Womens Champions Trophy 2027 : महिला क्रिकेट के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ICC ने पहली बार आयोजित होने वाली महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी भारत को दी है। टूर्नामेंट का आयोजन 14 से 28 फरवरी 2027 तक मुंबई और वडोदरा में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के मुकाबले मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में दुनिया की छह शीर्ष महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी।
इन 6 टीमों के बीच होगा मुकाबला
महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका हिस्सा लेंगी। टीमों का चयन ICC महिला T20I रैंकिंग में 6 जुलाई 2026 की स्थिति के आधार पर हुआ है।
क्या होगा टूर्नामेंट का फॉर्मेट?
छहों टीमों के बीच राउंड-रॉबिन लीग खेली जाएगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें 28 फरवरी को फाइनल में आमने-सामने होंगी।
पहले श्रीलंका में होना था आयोजन
महिला चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पहले श्रीलंका में प्रस्तावित था। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट से जुड़े प्रशासनिक सुधारों के बीच ICC ने आयोजन स्थल बदलने का फैसला किया। भारत, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के विकल्पों का मूल्यांकन करने के बाद ICC बोर्ड ने भारत को मेजबानी सौंपी।
महिला क्रिकेट के लिए क्यों खास है यह टूर्नामेंट?
यह महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण होगा। ICC के अनुसार, यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा और दुनिया की शीर्ष टीमों को एक बड़े मंच पर आमने-सामने लाएगा।




















