दिल्ली के विश्वास नगर में मकान में लगी भीषण आग, 4 लोगों की मौत; ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से भड़की लपटें

दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक मकान में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। हादसा यूनिटी मॉल के पास गली नंबर-11 में हुआ। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा के चार्जिंग पॉइंट को बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान की बीच वाली मंजिल पर सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
दिल्ली के विश्वास नगर में सुबह 4 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग रविवार तड़के करीब 4 बजकर 13 मिनट पर लगी। मकान के उस हिस्से में आग भड़की, जहां ई-रिक्शा पार्क किए जाते थे। यह मकान दिल्ली के विश्वास नगर स्थित गली नंबर-11 में यूनिटी मॉल के पास है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर कुल तीन गाड़ियां भेजी गईं। इनमें एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल था। दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने के साथ मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
मकान में फंसे 6 लोगों को निकाला, 4 की मौत
आग लगने के दौरान मकान की बीच वाली मंजिल पर छह लोग फंस गए थे। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य लोग आग की चपेट में आने से करीब 10 फीसदी झुलस गए। राहत की बात यह है कि दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी की। अधिकारियों के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग लगने की आशंका
शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने घटना को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को विश्वास नगर की गली नंबर-11 में मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आग लगने की पुष्टि हुई। DCP के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग ई-रिक्शा के चार्जिंग पॉइंट से शुरू हुई थी। पहली मंजिल पर सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
उत्तराखंड के पौड़ी में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; 7 लोगों की मौत
ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान बरतें सावधानी
दिल्ली की यह घटना इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के दौरान सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े करती है। ई-रिक्शा और इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।
- हमेशा निर्धारित और सुरक्षित चार्जिंग पॉइंट का इस्तेमाल करें।
- खराब वायरिंग और कटे हुए तारों से चार्जिंग न करें।
- चार्जिंग के दौरान वाहन और बैटरी पर नजर रखें।
- ज्वलनशील सामान के पास चार्जिंग करने से बचें।
- घर के अंदर या बंद जगह में बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के ई-रिक्शा चार्ज न करें।



















