Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Creamy Yogurt:घर पर जमाएं हलवाई जैसा गाढ़ा और मलाईदार दही, बस दूध उबालते समय रखें इन आसान बातों का ध्यान

अगर घर में दही जमाने के बाद वह पतला हो जाता है या पानी छोड़ देता है, तो वजह सिर्फ जामन नहीं बल्कि दूध और उसे उबालने का तरीका भी हो सकता है। सही दूध, सही तापमान और आसान तरीकों से आप घर पर ही गाढ़ा, मलाईदार और स्वादिष्ट दही आसानी से जमा सकते हैं।
घर पर जमाएं हलवाई जैसा गाढ़ा और मलाईदार दही, बस दूध उबालते समय रखें इन आसान बातों का ध्यान
फाइल फोटो

लाइफस्टाइल डेस्क। घर का ताजा दही स्वाद और सेहत दोनों के लिए अच्छा माना जाता है लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि घर पर दही जमाने के बाद वह बाजार जैसा गाढ़ा और मलाईदार नहीं बनता। कभी दही पानी छोड़ देता है तो कभी सही तरह से जमता ही नहीं। इसकी सबसे बड़ी वजह दूध का चुनाव, उसे उबालने का तरीका और सही तापमान होता है। अगर इन छोटी छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो बिना किसी खास मेहनत के घर पर भी हलवाई जैसा गाढ़ा और क्रीमी दही तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं दही जमाने का सही तरीका।

दही के लिए सही दूध चुनना जरूरी

अगर आप चाहते हैं कि दही अच्छी तरह जमे और उसमें मलाई भी आए, तो सबसे पहले सही दूध का चुनाव करें। भैंस का दूध या फुल क्रीम दूध दही जमाने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इसमें फैट ज्यादा होता है, जिससे दही गाढ़ा और स्वादिष्ट बनता है। अगर आपके पास सिर्फ पैकेट वाला दूध है, तो फुल क्रीम दूध लें। वहीं टोंड, डबल टोंड या कम फैट वाले दूध से दही पतला और पानी वाला हो सकता है।

दूध उबालने का तरीका

सिर्फ अच्छा दूध लेना ही काफी नहीं है, उसे सही तरीके से उबालना भी जरूरी है। दूध को पहले अच्छी तरह उबाल लें और फिर धीमी आंच पर कुछ मिनट और पकाएं। इसके बाद गैस बंद करके दूध को अपने आप ठंडा होने दें। जब दूध इतना गुनगुना रह जाए कि उंगली डालने पर हल्की गर्माहट महसूस हो, तब उसमें जामन डालें। बहुत गर्म या बहुत ठंडा दूध दही जमने की प्रक्रिया को खराब कर सकता है।

ये भी पढ़ें: Washing Hair In Summer: गर्मी में रोज शैंपू करना सही है या नहीं? जानिए हफ्ते में कितनी बार बाल धोने से रहेंगे हेल्दी और मजबूत

अच्छे ब्रांड का ताजा दही

दही का स्वाद और उसकी बनावट काफी हद तक जामन पर भी निर्भर करती है। हमेशा ताजा, गाढ़ा और कम खट्टा दही ही जामन के रूप में इस्तेमाल करें। अगर पहली बार दही जमा रहे हैं, तो किसी अच्छे ब्रांड का ताजा सेट दही इस्तेमाल कर सकते हैं। पतला या ज्यादा खट्टा जामन दही की क्वालिटी खराब कर सकता है। जामन डालने के बाद दूध को हल्के हाथ से मिलाएं और बर्तन को बिना हिलाए कुछ घंटों के लिए ढककर रख दें।

मिट्टी का बर्तन देगा हलवाई जैसा स्वाद

अगर आप चाहते हैं कि दही और भी गाढ़ा बने, तो उसे मिट्टी के बर्तन में जमाएं। मिट्टी का बर्तन दूध की अतिरिक्त नमी को अपने अंदर खींच लेता है, जिससे दही ज्यादा सख्त और मलाईदार बनता है। साथ ही इसका स्वाद भी सामान्य बर्तन की तुलना में ज्यादा अच्छा लगता है। अगर मिट्टी का बर्तन नहीं है, तो स्टील या कांच के साफ बर्तन का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

पतले दूध से गाढ़ा दही

अगर आपके पास कम फैट वाला दूध है, तो भी चिंता की बात नहीं है। दूध को उबालने के बाद उसमें थोड़ा सा मिल्क पाउडर मिलाया जा सकता है। इससे दूध में ठोस तत्व बढ़ जाते हैं और दही ज्यादा गाढ़ा जमता है। यह तरीका उन लोगों के लिए काफी उपयोगी है जिन्हें फुल क्रीम दूध आसानी से नहीं मिलता।

ये भी पढ़ें: Pregnancy Diet Alert : क्या पपीता और पाइनएप्पल से हो सकता है मिसकैरेज? जानिए सच और मिथक

इन छोटी बातों का रखें ध्यान

दही जमाने के बाद बर्तन को बार बार हिलाएं नहीं। उसे 7 से 8 घंटे तक एक ही जगह पर रहने दें। गर्मियों में सामान्य कमरे का तापमान दही जमाने के लिए सही रहता है, जबकि सर्दियों में बर्तन को किसी गर्म जगह या मोटे कपड़े में लपेटकर रखें। दही जमने के बाद उसे फ्रिज में रख दें, इससे उसका स्वाद और बनावट दोनों बेहतर बने रहते हैं।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...Read More

Latest Posts