Honda से अलग होने के बाद Hero ने उतारी थी Impulse, 9 साल बाद नए अवतार में वापसी के संकेत

भारतीय बाजार में एडवेंचर और ऑफ-रोड मोटरसाइकिलों की मांग बढ़ रही है। इसी बीच Hero MotoCorp के एक नए डिजाइन पेटेंट ने कंपनी की करीब नौ साल पुरानी बाइक Hero Impulse की यादें ताजा कर दी हैं। पेटेंट में दिखाई गई नई डुअल-स्पोर्ट बाइक का डिजाइन Impulse से कई मायनों में मिलता-जुलता है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी हल्की और किफायती ऑफ-रोड बाइक के साथ पुराने नाम को फिर से बाजार में उतार सकती है। हालांकि, Hero MotoCorp ने अभी Impulse की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
पेटेंट में दिखी बाइक में क्या खास है?
नए डिजाइन पेटेंट की तस्वीरों में बाइक मौजूदा Hero Xpulse रेंज से अलग दिखाई देती है। इसमें छोटा एयर-कूल्ड इंजन, किक स्टार्टर और ऑफ-रोड बाइक जैसा डिजाइन नजर आता है। इंजन के साथ ऑयल कूलर दिखाई नहीं देता, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी क्षमता करीब 150 से 200 सीसी के बीच हो सकती है। अगर कंपनी इसी सेगमेंट में बाइक उतारती है तो यह मौजूदा Xpulse 200 4V और Xpulse 210 के नीचे पोजिशन की जा सकती है। इससे Hero के पास कम कीमत वाली एडवेंचर टूरिंग बाइक का विकल्प तैयार हो सकता है।
क्या फिर लौटेगी Hero Impulse?
पेटेंट में दिखाई गई बाइक और पुरानी Impulse के डिजाइन में कई समानताएं नजर आती हैं। इसमें किक स्टार्टर भी दिखाई दे रहा है। हालांकि, प्रोडक्शन मॉडल में इलेक्ट्रिक स्टार्टर मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। बाइक के इंजन के बाईं ओर फ्यूल टैप भी दिखाई देता है। इससे इसमें कार्बोरेटर सेटअप होने का अनुमान लगाया जा रहा है। अगर पेटेंट वाली बाइक वास्तव में कार्बोरेटर इंजन के साथ तैयार की गई है तो भारत के मौजूदा उत्सर्जन नियमों के कारण इसे घरेलू बाजार में इसी रूप में लॉन्च करना संभव नहीं होगा। ऐसे में यह किसी एक्सपोर्ट मार्केट के लिए तैयार किया गया मॉडल भी हो सकता है। दूसरी ओर, पेटेंट तस्वीरों में फ्रंट नंबर प्लेट और साड़ी गार्ड जैसे हिस्से भी दिखाई देते हैं। इसलिए घरेलू बाजार के लिए किसी मॉडल की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं होती।
2011 में Honda से अलग होने के बाद आई थी Impulse
Hero Impulse को Hero MotoCorp ने अक्टूबर 2011 में भारतीय बाजार में उतारा था। यह Honda से अलग होने के बाद Hero MotoCorp ब्रांड के तहत लॉन्च होने वाली पहली मोटरसाइकिल थी। कंपनी ने इसे डुअल-पर्पज ऑन-रोड और ऑफ-रोड बाइक के तौर पर पेश किया था। लॉन्च के समय इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 66,800 रुपये थी। बाइक में 149.2 सीसी का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया था। यह इंजन 13.2 PS की पावर और 13.4 Nm का टॉर्क जनरेट करता था। इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया था।
245 mm ग्राउंड क्लीयरेंस थी बड़ी खासियत
Impulse को खराब सड़कों और हल्की ऑफ-रोडिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। इसमें 245 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता था। इसके अलावा लंबा ट्रैवल वाला टेलिस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन और Nitrox गैस-फिल्ड रियर मोनोशॉक दिया गया था। बाइक में 19-इंच का फ्रंट व्हील, फ्रंट डिस्क ब्रेक, ऊंचा एग्जॉस्ट, उठा हुआ फ्रंट मडगार्ड और मोटोक्रॉस स्टाइल सीट जैसे फीचर्स भी थे। उस दौर में ये खूबियां इसे सामान्य कम्यूटर मोटरसाइकिलों से अलग पहचान देती थीं।
50 भाषाएं, 120+ देश और 1500 आवाजें... 'वाराणसी' को ग्लोबल बनाने में जुटे राजामौली
बिक्री नहीं मिली और 2017 में बंद हो गई बाइक
हालांकि, Hero Impulse को बाजार से उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली। बिक्री लगातार कम होने के चलते कंपनी ने 2017 में इसकी बिक्री बंद कर दी। BS-IV उत्सर्जन नियम भी इसके बंद होने की बड़ी वजहों में शामिल रहे, क्योंकि कंपनी ने बाइक को नए उत्सर्जन मानकों के अनुरूप अपडेट नहीं किया था। अब करीब नौ साल बाद नए डिजाइन पेटेंट ने एक बार फिर Impulse की वापसी की चर्चा शुरू कर दी है। लेकिन फिलहाल यह सिर्फ संभावनाओं और पेटेंट डिजाइन पर आधारित अटकलें हैं। Hero MotoCorp की ओर से नई बाइक का नाम, इंजन, कीमत या लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अगर कंपनी वास्तव में पुराने Impulse कॉन्सेप्ट को नए अवतार में लाती है, तो यह मौजूदा Xpulse लाइनअप के नीचे एक हल्की और किफायती ऑफ-रोड बाइक के तौर पर जगह बना सकती है। फिलहाल सबकी नजरें Hero MotoCorp की अगली आधिकारिक घोषणा पर हैं।





















