कहीं स्कूल बंद, कहीं नाव बनी सहारा! MP में भारी बारिश का अलर्ट, UP-बिहार में जलस्तर ने बढ़ाई चिंता, IMD ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। मानसून की तेज बारिश ने देश के कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मध्य प्रदेश में भारी बारिश के बीच कई जिलों में स्कूल बंद करने पड़े हैं। राजस्थान में तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बिहार में भी कई जिलों में पानी फैल चुका है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा प्रभावित हुई है। वहीं हरियाणा में भी कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
MP में 19 जिलों पर भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में शनिवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। राज्य के 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। शिवपुरी और मुरैना समेत सात जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं। श्योपुर जिले में क्वारी नदी का जलस्तर बढ़ने से विजयपुर के पास पुल और आसपास के इलाकों में पानी भर गया। बाढ़ जैसे हालात बनने के बाद कुछ घरों को खाली कराया गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में हालात पर नजर बनाए हुए है।
राजस्थान में तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी है। धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में शनिवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के 24 जिलों के लिए यलो अलर्ट है। जयपुर में रातभर हुई बारिश के कारण तापमान में करीब सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी समेत कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। झालावाड़ में मौसम को देखते हुए स्कूलों को बंद रखा गया है।
यूपी में नदियां उफान पर, 26 जिले प्रभावित
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले पांच दिनों तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियों का जलस्तर बढ़ने से 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। करीब 3.53 लाख लोग प्रभावित बताए गए हैं और 17,544 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है।
ये भी पढ़ें: निशु आजाद केस पर बोले सौरव दास, हमें फिर से सड़कों पर उतरना पड़ा
मुरादाबाद में नाव से आवाजाही
मुरादाबाद के मुंढापांडे क्षेत्र में कोसी नदी का पानी बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। सड़कें पानी में डूबने के कारण लोगों को नाव की मदद से आना-जाना पड़ रहा है। वाराणसी में भी बारिश के बाद कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार शाम शहर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने की संभावना है।
बिहार में 6.65 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राज्य के 18 जिलों में बाढ़ का पानी फैल गया है और 6.65 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए गए हैं। नौ प्रमुख नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पुनपुन नदी का जलस्तर 24 घंटे में 28 सेंटीमीटर बढ़ा है। श्रीपालपुर में नदी का पानी खतरे के निशान से 2.57 मीटर ऊपर है। पटना में गंगा के जलस्तर पर भी प्रशासन की खास नजर है।
केदारनाथ में बारिश, सुरक्षित जगह रोके गए यात्री
उत्तराखंड के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर शामिल हैं। पांच जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। केदारनाथ में तेज बारिश के कारण यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। प्रशासन मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा और रास्तों पर लगातार नजर रख रहा है।
ये भी पढ़ें: त्रिशूर में आधी रात मौत का कहर! खड़ी लॉरी से भिड़ी कार, 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत
हरियाणा के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट
हरियाणा में भी 15 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। शुक्रवार को पंचकूला में 99 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।



















