हरसूद में बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव- विरासत से विकास की ओर बढ़ रहा मध्य प्रदेश
हरसूद। वीरांगना रानी दुर्गावती ने देश को सर्वप्रथम रखा, स्वाभिमान, कठिन परिस्थितियों में भी महारानी का नेतृत्व जगदंबा की तरह दिखाई देता है। नारी शक्ति का सम्मान, समाज, संस्कृति, मातृभूमि, जल व प्राकृतिक संरक्षण के साथ उनके माध्यम से उनके जीवन के पांच संदेश मिलते हैं। वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर नमन करते हुए 52 गढ़ों के वंशजों का सम्मान करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। यह बात सोमवार को वीरांगना रानी दुर्गावती जंयती महोत्सव के अवसर पर छनेरा-हरसूद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनता को संबोधित करते हुए कहीं।
52 गढ़ों के वंशजों का किया सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने विरासत से विकास की ओर बढ़ते हुए ऐसे सभी महापुरुषों को याद करते हुए उनके जीवन के अच्छे विषयों को सामने लाते हुए गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने का काम किया है। इसके पहले सीएम डॉ. यादव ने रानी दुर्गावती जंयती के अवसर पर संत बुखारदास बाबा मंढी से बागेश्वर धाम सभा स्थल तक निकलने वाली 52 गढ़ों के वंशजों की शोभायात्रा में शामिल होकर सभी गढ़ों के वंशजों का सीएम यादव ने सम्मान किया।

पक्के मकान बनाकर जीवन में खुशहाली लाने का काम
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और गरीबों को पक्के मकान बनाकर उनके जीवन में खुशहाली लाने का काम किया है। ग्रामीण क्षेत्र में लोगों के बेहतर अवगमन की सुविधा के लिए हमने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के माध्यम से बस सेवा की शुरुआत की है। ग्रामीण क्षेत्र में भूस्वामित्व योजना के माध्यम से 62 लाख लोगों का आगामी समय में रजिस्ट्री होग किसानों को आगामी फसल के लिए दिन में 10 घंटे बिजली की सुविधा मिलेगी हमारी सरकार किसानों के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
85 हजार लोगों को दी पक्की नौकरी
कांग्रेस के शासनकाल में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, आज प्रदेश में 39 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। वही 85 हजार लोगों को पक्की नौकरी देकर रोजगार दिया है। प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 2.4 लाख क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ा है,आगे भी हमारी सरकार जन कल्याणकारी योजना के माध्यम से प्रदेश के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का कार्य करेगी।

विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खालवा सिंचाई परियोजना की स्वीकृति के साथ विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने आदिवासी अंचल में किसानों को बिजली के लिए 25 करोड़ की राशि देने की घोषणा की। रोशनी, गुलाईमाल, खालवा, देवलीकला, सुंदरदेव सहित आशापुर में नए सांदीपनि विद्यालय खोलने की घोषणा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सेल्दा माल और हरसूद में 100 करोड़ की लागत से 100 सीटर कन्या छात्रावास एवं 490 सीट के नवीन कन्या परिसर बनाने एवं 34 करोड़ 47 लाख की लागत से जनजाति छात्रावासों में रोटी बनाने की मशीन देने की घोषणा की। जनजाति छात्रावासों में 11 करोड़ 75 लाख की लागत से वाटर कूलर, 154 कॉलेज व छात्रावास में 12 लाख की लागत से ई लाइब्रेरी बनाने के लिए 18 करोड़ की राशि, 40 नए छात्रावासों के लिए 161 करोड़, जनजाति क्षेत्र के 52 स्कूल आश्रमों में के लिए 143 करोड़ की राशि देने की घोषणा की। खंडवा में 10. 50 लाख की लागत से हाईटेक नर्सरी बनाने सहित खंडवा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र में एक एक सीएम स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाने की घोषणा की। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री मंत्री डीडी उईके, जनजाति कार्य मंत्री विजय शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दिव्यादित्य शाह ने भी संबोधित किया।






















