Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी से भेजा 10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल तीन जिलों में गायब, 4 करोड़ के गबन की EOW में शिकायत

कटनी से इंदौर, हरदा और नीमच भेजा गया 10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल नहीं पहुंचने का आरोप। करीब 4 करोड़ रुपये के गबन की EOW में शिकायत, हरदा में 14 ट्रकों की पावतियों में छेड़छाड़ का दावा।
कटनी से भेजा 10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल तीन जिलों में गायब, 4 करोड़ के गबन की EOW में शिकायत
10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल तीन जिलों में गायब

कटनी। जिले से दूसरे जिलों में भेजे गए करीब चार करोड़ रुपये के फोर्टिफाइड चावल के कथित गबन का मामला गंभीर होता जा रहा है। इंदौर, हरदा और नीमच के लिए रवाना किए गए 32 ट्रकों में लदा 10,975.25 क्विंटल चावल संबंधित जिलों तक नहीं पहुंचने का आरोप है। इस मामले में अब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में शिकायत दर्ज कराकर एफआईआर और विस्तृत जांच की मांग की गई है। मामले में हरदा जिला प्रबंधक की जांच के दौरान परिवहनकर्ता की ओर से पेश की गई 14 ट्रकों की पावतियों में कांट-छांट और तकनीकी छेड़छाड़ सामने आने की बात कही गई है। हरदा के तीन प्रदाय केंद्रों ने भी रिकॉर्ड का मिलान करने के बाद चावल मिलने से इनकार किया है। इससे परिवहनकर्ता के साथ-साथ संबंधित विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सांसद प्रतिनिधि ने EOW में की शिकायत

बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम ने 25 नवंबर को EOW के पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत देकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में परिवहनकर्ता और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने के साथ कथित गबन की राशि वसूलने की मांग भी की गई है। शिकायत में नागरिक आपूर्ति निगम जिला कटनी और परिवहनकर्ता भाग्यलक्ष्मी रोड लाइंस को अनावेदक बनाया गया है। EOW जबलपुर कार्यालय से आवेदन की पावती भी प्राप्त हुई है।

तीन जिलों के लिए भेजा गया था 10,975 क्विंटल चावल

शिकायत के अनुसार, कटनी से तीन जिलों के लिए कुल 32 ट्रकों में फोर्टिफाइड चावल रवाना किया गया था, लेकिन संबंधित स्थानों पर इसकी प्राप्ति नहीं हुई।

  • इंदौर: 8 ट्रकों में 2,641.61 क्विंटल चावल भेजा गया।
  • हरदा: 14 ट्रकों में 4,763.78 क्विंटल चावल रवाना हुआ।
  • नीमच: 10 ट्रकों में 3,569.87 क्विंटल चावल भेजा गया।

इस तरह कुल 10,975.25 क्विंटल चावल की प्राप्ति नहीं होने की बात शिकायत में कही गई है। संबंधित जिलों के पत्रों का हवाला देते हुए इसकी पुष्टि का दावा किया गया है।

हरदा में 14 ट्रकों की पावतियों में मिली छेड़छाड़

इस मामले में हरदा जिला प्रबंधक ने 25 नवंबर को कटनी जिला प्रबंधक को पत्र क्रमांक परिवहन/2026-27/264 भेजा। इसमें परिवहनकर्ता की ओर से प्रस्तुत पावतियों को गलत बताया गया है। जानकारी के अनुसार कटनी कार्यालय ने 24 नवंबर को परिवहनकर्ता की ओर से दी गई पावतियां सत्यापन के लिए हरदा भेजी थीं। इसके बाद हरदा, टिमरनी और खिरकिया के प्रदाय केंद्रों तथा वेयरहाउस के रिकॉर्ड का मिलान कराया गया। जांच में तीनों केंद्रों ने लिखित रूप से 14 ट्रकों का चावल प्राप्त होने से इनकार किया। हरदा जिला प्रबंधक के पत्र में कहा गया है कि कटनी से जारी 14 ट्रक चालानों की पावतियों में तकनीकी माध्यम से कांट-छांट और छेड़छाड़ की गई है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि 7 सितंबर को ही चावल अप्राप्त होने की सूचना दी जा चुकी थी। संशोधित जीटीए और अ-13 का रिकॉर्ड से मिलान होने का जिक्र भी किया गया है। इस पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर हरदा, नागरिक आपूर्ति निगम मुख्यालय भोपाल, क्षेत्रीय प्रबंधक नर्मदापुरम और जिला आपूर्ति अधिकारी को भी भेजी गई है।

बिना चावल पहुंचे हुआ भुगतान

शिकायतकर्ता ने परिवहन व्यवस्था और विभागीय प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। शिकायत में पूछा गया है कि जब चावल गंतव्य तक पहुंचा ही नहीं, तो उसकी प्राप्ति का सत्यापन कैसे हुआ? बिना जरूरी प्रमाण-पत्रों के परिवहनकर्ता के बिलों का भुगतान किस आधार पर किया गया? इसके अलावा ट्रकों के चालान, GPS लोकेशन, टोल रिकॉर्ड और भंडार गृहों की प्राप्ति पंजियों का मिलान कराए जाने की मांग की गई है, ताकि यह पता चल सके कि चावल वास्तव में कहां गया और उसकी प्राप्ति किस स्तर पर दर्ज की गई।

चार करोड़ का फोर्टिफाइड चावल परिवहन गबन केस: एक ही नंबर के वाहन से बार-बार भेजी गई खेप, न इंदौर पहुंची न हरदा-नीमच

परिवहनकर्ता पर पहले भी लग चुका है आरोप

शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि भाग्यलक्ष्मी रोड लाइंस के खिलाफ पहले 36 ट्रक धान गायब होने का मामला सामने आया था। इसके बावजूद परिवहनकर्ता को दोबारा परिवहन का काम दिया गया। शिकायतकर्ता ने इस निर्णय और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।

Featured News

इंदौर और नीमच के रिकॉर्ड की जांच अहम

हरदा में 14 ट्रकों की पावतियों में छेड़छाड़ की बात सामने आने के बाद अब इंदौर और नीमच के रिकॉर्ड का सत्यापन भी महत्वपूर्ण हो गया है। EOW से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, परिवहनकर्ता और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका तय करने, एफआईआर दर्ज करने, गबन की राशि वसूलने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts