कटनी में 10,797 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल गायब, चार लोगों पर FIR

कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा गठित जांच दल के प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में 31 ट्रकों के जरिए भेजे गए 21,765 बोरे यानी 10,797.18 क्विंटल चावल निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। इसके साथ ही संबंधित फर्म को कटनी जिले में परिवहन कार्य के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है।
चार पार्टनर्स के खिलाफ मामला दर्ज
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला आपूर्ति अधिकारी एवं प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत सिंह ठाकुर ने रंगनाथ नगर थाने में भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनर्स दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: कटनी में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, दमकल और बचाव दल ने लोगों को निकालने का किया प्रदर्शन
31 ट्रकों के 21,765 बोरे चावल की अफरातफरी
जांच में सामने आया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के परिवहन अनुबंध (एलआरटी सामान्य सह लोडिंग, अनलोडिंग, तौल एवं स्टेकिंग कार्य) के तहत हरदा, नीमच और इंदौर के लिए चावल भेजा गया था। इन 31 ट्रकों में कुल 21,765 बोरे यानी 10,797.18 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल लदा था, लेकिन यह निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया और इसकी अफरातफरी कर दी गई। आरोप है कि फर्म के पार्टनर्स ने चावल डिलीवरी के फर्जी चालान तैयार कर उनकी पावती कार्यालय में प्रस्तुत की, जिससे शासन को आर्थिक क्षति पहुंची।
फर्म को कटनी जिले में परिवहन कार्य से किया प्रतिबंधित
मामले में जांच के बाद प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) भोपाल ने भी कार्रवाई की है। संबंधित फर्म को कटनी जिले में उपार्जन और खाद्यान्न परिवहन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। जांच में यह मामला निविदा शर्तों के उल्लंघन, धोखाधड़ी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के विपरीत पाया गया है।
दिशा बैठक में उठा था चावल गबन का मुद्दा
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को जिला पंचायत परिसर में आयोजित दिशा की बैठक में बड़वारा के सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम ने चावल गबन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इस पर कलेक्टर ने जांच और संबंधित फर्म के खिलाफ जल्द एफआईआर के संकेत दिए थे। इससे पहले हरदा जिला प्रबंधक ने 25 नवंबर को पत्र भेजकर 14 ट्रकों की पावती में तकनीकी छेड़छाड़ की पुष्टि की थी।
EOW और खाद्य मंत्री तक पहुंच चुका है मामला
फोर्टिफाइड चावल गायब होने का मामला आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर तक पहुंच चुका है। वहीं खाद्य मंत्री ने भी अपर मुख्य सचिव से 7 दिन में जांच प्रतिवेदन तलब किया था। कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा गठित जांच दल में रविकांत सिंह ठाकुर (प्रभारी जिला प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति निगम एवं जिला आपूर्ति अधिकारी), आकाश नीरज (तहसीलदार नजूल), अशोक पटाइत (केंद्र प्रभारी, नागरिक आपूर्ति निगम—कटनी, बड़वारा, विजयराघवगढ़ व मझगवां) और सुश्री नेहा अहिरवार (केंद्र प्रभारी—बहोरीबंद, स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा) शामिल रहे।




















