हरदा: खेतों से मोटर पंप चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार, 70 हजार का सामान जब्त

हरदा। पुलिस ने मोटर चोरी करने वाले ओमप्रकाश कोरकु और भोला कोरकु को गिरफ्तार कर पूछताछ की, दोनों ने चोरी की वारदात करना कबूल किया। चोरी का सामान खरीदने वाले कालु उर्फ साहिल को भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से चोरी की मोटर जब्त की गई।
खेतों से मोटर पंप चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार
छीपाबड़ थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि खेतों में हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रॉबर्ट ग्रेवाल के मार्गदर्शन में टीम का गठन किया गया था। टीम ने कई गांवों में दबिश देने के साथ मुखबिर को सक्रिय किया। 20 अगस्त को पुलिस टीम ने मोटर चोरी करने वाले आरोपियों को पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें: किशोर हत्याकांड में सबूत तलाश रही पुलिस, आरोपी आमिर के घर हुई सर्चिंग; तालाब में फेंके थे प्राइवेट पार्ट
मोटर और वायर जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर किसानों के खेतों में चोरी हुई 2 मोटर पंप जब्त की हैं। साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाले कालु उर्फ साहिल पिता इसराइल उम्र 19 साल निवासी टेमलावाडी रैय्यत को भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों से 3 हॉर्सपावर की दो मोटर, 5 हॉर्सपावर की एक पुरानी मोटर और 25 फीट केवल वायर जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई जा रही है।
मोटर चोरी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह चौहान ने बताया कि 19 अगस्त को फरियादी प्रतापसिंह पिता कुंजीलाल राजपूत निवासी टेमलाबाडी रैय्यत ने थाना छीपाबड़ में सूचना दी थी कि उनके खेत में सिंचाई के लिए 5 हॉर्सपावर की मोटर और 80 फीट केवल वायर सहित स्टार्टर रखा था, जिसे 18 अगस्त की रात चोर चुरा ले गए। शिकायत के आधार पर थाना छीपाबड़ में मामला दर्जकर जांच शुरू की गई।
ये भी पढ़ें: कश्मीर जैसी वादियां, शिमला जैसी ठंड... तामिया में शुरू हुआ सावन महोत्सव
29 जून को फरियादी ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
बता दें कि 29 जून को फरियादी राहुल पिता मिश्रीलाल यादव निवासी वार्ड क्रमांक 07 खिरकिया ने थाना छीपाबड़ में सूचना दी थी कि वार्ड क्रमांक 9 में बाबा के ओटले से लगा हुआ उनका एक कमरा है, जहां खेती-किसानी का सामान रखा था। 28 जून की रात अज्ञात व्यक्ति कमरे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर रखा करीब 2 क्विंटल मूंग, 300 फीट केवल वायर और एक स्टार्टर चुरा ले गए थे।





















