Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कनाडा के सैन्य अड्डे पर भीषण आग, कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर, जांच जारी

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में वेनराइट सैन्य अड्डे पर भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर है। मामले की जांच जारी है। तेज हवा के कारण आग सैन्य अड्डे से बाहर तक फैल गई। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दुख जताया।
कनाडा के सैन्य अड्डे पर भीषण आग, कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर, जांच जारी
कनाडा के वेनराइट सैन्य अड्डे में आग से मचा हड़कंप, कई लोगों की मौत, कारणों का पता नहीं

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित वेनराइट सैन्य अड्डे पर भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने बताया कि इस घटना में कई लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि, उन्होंने मृतकों और घायलों की सही संख्या नहीं बताई है। आग लगने की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है।

सैन्य अड्डे पर आग लगने से मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, अल्बर्टा के वेनराइट सैन्य अड्डे पर आग लगने के बाद हालात गंभीर हो गए। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आग सैन्य अड्डे की चारदीवारी पार करके बाहर तक फैल गई। तेज हवा चलने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। इसे बुझाने के लिए आसपास के कई इलाकों से दमकलकर्मियों को बुलाया गया। आग लगने की घटना के बाद प्रशासन और बचाव दल मौके पर जुट गए। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने आसपास के लोगों को अपने घर खाली करने का आदेश नहीं दिया था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने बताया कि रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति बेहद संवेदनशील है और राहत-बचाव का काम जारी है। इस घटना से निपटने के लिए कनाडाई सेना, केंद्र सरकार, अल्बर्टा की प्रांतीय सरकार और स्थानीय प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं। वेनराइट के आसपास के अस्पतालों और दमकल विभाग की टीमें भी मदद कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, अधिकारी आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि जांच से जुड़ी अधिक जानकारी बाद में साझा की जाएगी। फिलहाल मृतकों और घायलों की सही संख्या सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़ें: शहबाज शरीफ सरकार को फजलुर रहमान ने बताया 'फर्जी', पाकिस्तान में सेना के बढ़ते दखल पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने जताया दुख

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया के जरिए इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने आग से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कार्नी ने बताया कि केंद्र सरकार अल्बर्टा प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है। अल्बर्टा की मुख्यमंत्री डेनियल स्मिथ ने भी इस घटना को गंभीर और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि आग से कई सैन्यकर्मी प्रभावित हुए हैं। स्मिथ ने राहत और बचाव कार्य में जुटे कर्मचारियों का आभार जताया। प्रधानमंत्री कार्नी और मुख्यमंत्री स्मिथ ने एक-दूसरे के संपर्क में रहने की बात भी कही, ताकि स्थिति पर नजर रखी जा सके और जरूरत के अनुसार मदद पहुंचाई जा सके।

कनाडा के लिए क्यों अहम है वेनराइट सैन्य अड्डा?

वेनराइट सैन्य अड्डा कनाडा के एडमंटन शहर से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। यह देश के प्रमुख सैन्य प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल है। यहां सैनिकों को युद्ध जैसे हालात में अभ्यास कराया जाता है, ताकि वे सैन्य अभियानों के लिए तैयार हो सकें। इस सैन्य अड्डे पर कैनेडियन मैन्युवर ट्रेनिंग सेंटर और थर्ड कैनेडियन डिवीजन ट्रेनिंग सेंटर भी हैं। ये केंद्र सैनिकों को अलग-अलग परिस्थितियों में सैन्य प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अल्बर्टा में कनाडा से अलग होने की प्रक्रिया शुरू करने के प्रस्ताव पर मतदान की चर्चा है। हालांकि, फिलहाल आग की घटना और इस राजनीतिक मुद्दे के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल जांच जारी है और आग लगने की असली वजह का पता नहीं चला है। अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और मृतकों, घायलों तथा नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts